Thursday, May 28, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन 65 साल का याराना : 8वीं क्लास के दोस्त से मिले अनुपम...

65 साल का याराना : 8वीं क्लास के दोस्त से मिले अनुपम खेर, बॉन्डिंग देख फैंस ने जताई खुशी

0
27

मुंबई, 18 मार्च (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा के दिग्गज और बहुमुखी अभिनेता अनुपम खेर ने सैकड़ों फिल्मों में अपनी दमदार अभिनय का जादू बिखेरा है। पद्म श्री और पद्म भूषण जैसे राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित अभिनेता ने अपने चार दशकों से अधिक के करियर में कई ब्लॉकबस्टर मूवी दिए हैं।

अभिनेता अपने प्रोफेशनल लाइफ में काम को लेकर जितने गंभीर और समर्पित हैं, ठीक उसी प्रकार वो अपने निजी जीवन को लेकर भी हैं। एक्टर ने इसी की एक छोटी सी झलक फैंस के साथ शेयर की, जहां वो अपने बचपन और स्कूल के दोस्त के साथ नजर आ रहे हैं। अनुपम खेर और उनके दोस्त की बॉन्ड देख यूजर्स कमेंट कर रहे हैं, “आजकल बहुत कम ऐसे लोग हैं, जो लंबी यारी रखते हैं।”

सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहने वाले एक्टर अनुपम खेर ने बुधवार को ‘इंस्टाग्राम’ पर अपने 65 साल पुराने दोस्त के साथ एक अनफिल्टर्ड बातचीत का वीडियो शेयर किया, जिसमें वो अपने स्कूल के दोस्त विजय सहगल के साथ कार में बैठे हुए नजर आ रहे हैं, जहां वो बचपन की बातों के साथ अपनी मूवी ‘तन्वी द ग्रेट’ का जिक्र करते नजर आ रहे हैं।

अभिनेता ने वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “बचपन के दोस्त – विजय सहगल और सतीश मल्होत्रा। 8वीं क्लास से दोस्ती है और आज भी वही सच्चाई है। आज मिला अपने दोस्त विजय सहगल से तो कहता है, ‘तन्वी द ग्रेट’ छह बार देखी है। मैंने कहा, ‘भाई, फिल्म देख रहा है या मेरी निगरानी कर रहा है?'”

उन्होंने आगे लिखा, “विजय और सतीश मल्होत्रा- मेरी ‘रियलिटी चेक कमेटी’ हैं। जब मैं उड़ने लगता हूं, तो ये लोग कहते हैं, ‘नीचे आ जा, ऑक्सीजन कम हो जाएगी।’ थैंक यू दोस्तों, इतने सालों तक मुझे झेलने के लिए।”

बता दें, ‘तन्वी द ग्रेट’ एक हिंदी ड्रामा फिल्म है, जो पिछले साल 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। मूवी को अनुपम खेर ने निर्देशित किया है और इसी के साथ स्क्रीन पर एक मुख्य किरदार भी निभाया है। मूवी की कहानी एक ऑटिस्टिक लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने शहीद पिता का अधूरा सपना पूरा करने के लिए भारतीय सेना में शामिल होने की ठानती है।