बीजिंग, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। 78वें फ्रैंकफर्ट पुस्तक मेले का उद्घाटन 7 अक्टूबर को जर्मनी के फ्रैंकफर्ट प्रदर्शनी केंद्र में हुआ। इस मेले में 100 से अधिक देशों और क्षेत्रों की 4,000 से अधिक प्रकाशन संस्थाएं हिस्सा ले रही हैं। चीनी प्रकाशन संस्थाएं भी विभिन्न विषयों और विधाओं की पुस्तकों और प्रकाशनों के साथ मेले में शामिल हुई हैं।
आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष के पुस्तक मेले में अंतर्राष्ट्रीय संकट और संघर्ष, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के अनुप्रयोग और उसके नियमन, कॉपीराइट व्यापार, बाल और किशोर साहित्य तथा ऑडियो पुस्तकों जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा, मेले के दौरान व्याख्यान, मंचीय कार्यक्रम, पुस्तक हस्ताक्षर समारोह और पाठन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
फ्रैंकफर्ट पुस्तक मेला चीनी प्रकाशनों के कॉपीराइट निर्यात के महत्वपूर्ण मंचों में से एक है। इस वर्ष मेले में 80 से अधिक चीनी प्रकाशन और सांस्कृतिक संस्थाओं ने हिस्सा लिया है। चीन के संयुक्त मंडप का प्रदर्शनी क्षेत्र 336 वर्ग मीटर है, जहां 3,000 से अधिक श्रेणियों की 4,600 से अधिक उत्कृष्ट पुस्तकें प्रदर्शित की गई हैं। यह मंडप पुस्तक प्रदर्शन के साथ-साथ कॉपीराइट वार्ता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और इंटरैक्टिव अनुभव का भी मंच बना है।
इसी क्रम में, मेले के दौरान चीनी प्रकाशन और सांस्कृतिक संस्थाएं विषय-आधारित संगोष्ठियों, लेखक संवाद, कॉपीराइट हस्ताक्षर समारोह और नई पुस्तकों के विमोचन सहित 55 प्रकाशन एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम आयोजित करेंगी।
बता दें कि वर्ष 1949 में स्थापित फ्रैंकफर्ट पुस्तक मेला दुनिया के सबसे बड़े प्रकाशन उद्योग मेलों में से एक है। इस वर्ष का पुस्तक मेला 11 अक्टूबर तक चलेगा और अनुमान है कि इसमें 2 लाख 30 हजार से अधिक आगंतुक पहुंचेंगे।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
