नई दिल्ली, 11 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिका में हुए 9/11 आतंकी हमले की 25वीं बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीड़ितों को याद किया और उनके परिवारों के प्रति एकजुटता जताई। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर आतंकवाद के खिलाफ भारत की अटूट लड़ाई का जिक्र किया।
पीएम मोदी ने लिखा, “25 साल पहले हुए भयानक 9/11 हमलों के बाद, हम पीड़ितों को याद करते हैं और उन्हें सम्मान देते हैं और उन परिवारों के साथ एकजुटता से खड़े हैं जिनके परिजनों ने उस हमले में जान गंवाई।”
उन्होंने कहा, “आतंकवाद ने दुनिया भर में अनगिनत जिंदगियां ली हैं। सीमा पार आतंकवाद के पीड़ित के रूप में, भारत कई दशकों से इस लड़ाई में सबसे आगे रहा है। खतरा लगातार बदल रहा है लेकिन आतंकवाद के सभी रूपों के प्रति हमारा संकल्प और विरोध अटूट बना हुआ है। हम इस अभिशाप से लड़ने के सभी प्रयासों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।” पीएम मोदी ने अपने पोस्ट के साथ 2014 में 9/11 मेमोरियल और म्यूजियम की अपनी यात्रा की कुछ तस्वीरें भी शेयर कीं।
बता दें कि 11 सितंबर 2001 को अमेरिका में हुआ 9/11 हमला आधुनिक इतिहास का सबसे बड़ा आतंकी हमला था, जिसमें करीब 3,000 लोगों की जान चली गई थी। इस हमले की योजना आतंकी संगठन अल-कायदा ने बनाई थी और इसका मास्टरमाइंड ओसामा बिन लादेन था। 19 आतंकवादियों ने 4 कमर्शियल विमानों को हाइजैक कर लिया था।
पहले दो विमान न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के ट्विन टावरों से टकराए, जिससे दोनों इमारतें ढह गईं। तीसरा विमान वाशिंगटन के पास अमेरिकी रक्षा मुख्यालय पेंटागन से टकराया। चौथे विमान को यात्रियों ने आतंकवादियों से छुड़ाने की कोशिश की, जिसके बाद वह पेंसिल्वेनिया के एक खुले मैदान में गिर गया।
नेशनल मेमोरियल एंड म्यूजियम न्यूयॉर्क सिटी में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर साइट पर स्थित एक श्रद्धांजलि और ऐतिहासिक संस्थान है। यह 11 सितंबर 2001 के हमलों के पीड़ितों और 1993 के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर बम विस्फोट के छह पीड़ितों को सम्मान देता है।
इसका डिजाइन माइकल अराड और पीटर वॉकर ने तैयार किया है। मेमोरियल में ट्विन टावरों की जगह पर दो बड़े वॉटरफॉल पूल बनाए गए हैं, जिन्हें रिफ्लेक्टिंग एब्सेंस कहा जाता है।
