लखनऊ, 24 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और भाजपा नेता दानिश अंसारी का दावा है कि 2027 में समाजवादी पार्टी खत्म हो जाएगी। आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाएगी। इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के पावन पर्व पर महिलाओं को मुफ्त बस सेवा मिलेगी।
मंत्री दानिश अंसारी ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, “उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की असल चालों और असली चेहरे को पहचान चुकी थी और इसीलिए 2017 में राज्य की आम जनता ने सपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया। समाजवादी पार्टी का रवैया उत्तर प्रदेश के प्रति नकारात्मक रहा है, और इसी वजह से राज्य के लोगों में समाजवादी पार्टी के प्रति गुस्सा और असंतोष बढ़ रहा है।”
उन्होंने कहा कि ज्यादातर राजनीतिज्ञ विशेषज्ञ कहा करते हैं कि वर्तमान सरकार के खिलाफ एंटी-इंकम्बेंसी का माहौल बनता है, लेकिन उत्तर प्रदेश में कुछ अलग मामला देखने को मिल रहा है। यहां पर वर्तमान योगी सरकार के पक्ष में और विपक्षी दल सपा के खिलाफ माहौल बन रहा है। समाजवादी पार्टी को लेकर जनता के भीतर आक्रोश है। 2017 से लेकर अभी तक सपा का कोई सार्थक किरदार प्रदेश के विकास में नहीं दिखाई दिया है।
उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही के दौरान समाजवादी पार्टी बाधा बनती है। उसने सड़क पर हमेशा विकास के मुद्दों से विपरीत काम किया है। सपा को न तो बेहतर शिक्षा और न ही रोजगार से कोई मतलब है। ऐसे ही कई अहम कारणों की वजह से जनता ने समाजवादी पार्टी को नकार दिया है। साल 2027 के चुनाव में सपा दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाएगी।
इसी बीच, मंत्री दानिश अंसारी ने कहा, “हमारे राज्य की योगी सरकार ने हमेशा महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए काम किया है। रक्षाबंधन भाई-बहन का पवित्र त्योहार है और इस रिश्ते को और मजबूत व अटूट बनाने के लिए योगी सरकार ने राज्य में मुफ्त बस सेवा शुरू की है। यह भाई-बहनों और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए एक बहुत ही सराहनीय कदम है।”

