SGSU Advertisement
Home अपराध आजमगढ़: रामजानकी मंदिर में चांदी का मुकुट और सोने की नथिया चोरी,...

आजमगढ़: रामजानकी मंदिर में चांदी का मुकुट और सोने की नथिया चोरी, सीसीटीवी में महिला कैद

0
2

लखनऊ, 7 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र में छोटी अयोध्या के नाम से प्रसिद्ध नई बाजार स्थित श्री ठाकुर द्वारा रामजानकी मंदिर से चोरी की घटना सामने आई है। मंदिर में चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो और तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

मंदिर समिति के अनुसार, शनिवार को दोपहर करीब 2:38 से 2:45 बजे के बीच एक अज्ञात महिला मंदिर पहुंची। आरोप है कि महिला ने मौका देखकर मंदिर में रखे श्री हनुमान जी का चांदी का मुकुट और श्री दुर्गा माता की सोने की नथिया चोरी कर ली और वहां से फरार हो गई।

चोरी की यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वायरल हो रहे फुटेज और तस्वीरों में एक महिला मंदिर के अंदर चोरी करती हुई दिखाई दे रही है। घटना की जानकारी होने के बाद मंदिर समिति के पदाधिकारियों में नाराजगी है।

मंदिर समिति की ओर से मामले की सूचना सरायमीर पुलिस को देते हुए लिखित तहरीर दी गई है। समिति ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी महिला की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। इसी के साथ मंदिर समिति ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को वायरल वीडियो या तस्वीर में दिखाई दे रही महिला के बारे में कोई जानकारी हो या वह महिला कहीं नजर आए तो तत्काल समिति द्वारा जारी संपर्क नंबरों पर सूचना दें।

समिति ने लोगों से वीडियो और तस्वीरों को अधिक से अधिक शेयर करने की अपील की है, जिससे महिला की पहचान हो सके और चोरी की घटना का खुलासा करने में मदद मिल सके। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने में जुटी है।

मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, चिराग जैन ने कहा कि थाना सरायमीर के अंतर्गत एक मंदिर से चोरी की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले से जुड़ी छानबीन शुरू कर दी। पुलिस द्वारा मंदिर प्रांगण सहित आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई है, जिसमें एक महिला मुकुट लेकर जाते हुए नजर आ रही है।

चिराग जैन ने बताया कि इस घटना के अनावरण के लिए तीन टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस द्वारा जल्द से जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा और दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।