‘आप’ सरकार में पंजाब हर महीने कर्ज में डूब रहा: कांग्रेस

0
3

नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। पंजाब कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार पर प्रदेश को कर्ज के बोझ तले डुबोने का गंभीर आरोप लगाया है। कांग्रेस ने कहा कि सत्ता में आने से पहले ‘बदलाव’ का वादा करने वाली आप सरकार ने न सिर्फ बदलाव लाने में पूरी तरह नाकामी दिखाई, बल्कि पंजाब को भारी कर्ज के जाल में फंसा दिया है।

पंजाब कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “आप पंजाब में बदलाव का वादा करके आई थी और बदलाव लाई भी है। पंजाब अब हर महीने कर्ज में डूबता जा रहा है। वित्तीय बोझ कम करने के बजाय वे अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए लगातार नए कर्ज ले रहे हैं।

कांग्रेस ने दावा किया कि आज फिर मान सरकार ने 2500 करोड़ रुपए का कर्ज लिया है। यह कोई आर्थिक प्रबंधन नहीं है, बल्कि यह पंजाब के भविष्य को गिरवी रखना है, जबकि लोग महंगाई, बेरोजगारी और टूटे वादों से लगातार परेशान हैं।

दूसरी ओर मावां धीयां सत्कार योजना का जिक्र करते हुए भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भगवंत मान सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार, जिसने मावां धीयां सत्कार योजना के नाम पर प्रचार-प्रसार पर करोड़ों रुपए खर्च किए, उसका असली चेहरा तब बेनकाब हो गया जब उसकी पुलिस मशीनरी ने एक महिला विधायक, गनीव कौर मजीठिया के साथ दुर्व्यवहार किया। मैं एक महिला विधायक और अन्य महिलाओं के खिलाफ पुलिस की इस मनमानी की कड़े से कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। पंजाब लोकतांत्रिक सिद्धांतों पर चलेगा, न कि पुलिस मशीनरी के दम पर।

पंजाब में साल 2027 में विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसे लेकर अभी से कांग्रेस-भाजपा की ओर से आम आदमी पार्टी पर बयानबाजी तेज कर दी गई है। विपक्षी दलों का दावा है कि इस सरकार में बिजली व्यवस्था चौपट है।

सीएम भगवंत मान ने विपक्षी दलों को जवाब देते हुए मंगलवार को सतौज गांव में बिजली के तारों को जमीन के नीचे बिछाने की एक अत्याधुनिक परियोजना का उद्घाटन किया। सीएम ने बताया कि यह पहल न केवल हमारे गांवों और शहरों की सुंदरता को बढ़ाएगी, बल्कि तूफान या आंधी के दौरान बिजली कटौती और दुर्घटनाओं से हमारे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को पूरी सुरक्षा भी प्रदान करेगी।