Wednesday, June 10, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध आप विधायक अनमोल गगन मान के पति शाहबाज सिंह सोही समेत 3...

आप विधायक अनमोल गगन मान के पति शाहबाज सिंह सोही समेत 3 को दो साल की सजा

0
22

मोहाली, 17 मार्च (आईएएनएस)। करोड़ों रुपए के चेक बाउंस मामले में खरड़ से विधायक अनमोल गगन मान के पति शाहबाज सिंह को डेरा बस्सी कोर्ट ने दो साल जेल की सजा सुनाई है। फैसला सुनाते हुए कोर्ट ने एक हाउसिंग प्रोजेक्ट कंपनी के पार्टनर्स के खिलाफ केस में शाहबाज सिंह सोही समेत तीन लोगों को दोषी ठहराया है।

डेरा बस्सी कोर्ट में करीब 7 साल तक चले केस की सुनवाई के बाद ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास परनीत कौर ने यह फैसला सुनाया है। कोर्ट ने खरड़ से मौजूदा विधायक के पति और जीरकपुर के रहने वाले शाहबाज सिंह सोही सहित तीनों दोषियों को दो-दो साल जेल और 10,000 रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई है, हालांकि तीनों ने मौके पर ही बेल अमाउंट भरकर जमानत ले ली।

जीरकपुर के पूर्व सरपंच जसपाल सिंह के भाई कमलजीत सिंह ने 2018 में कोर्ट में शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया था ‘मेसर्स प्लेटिनम स्मार्ट बिल्डकॉन’ के तीन पार्टनर शाहबाज सिंह सोही, जतिंदर सिंह और नछत्तर सिंह ने राजपुरा में ‘सिल्वर सिटी’ प्रोजेक्ट में करोड़ों का प्लॉट बेचने की डील तय की थी। जब डील पक्की नहीं हुई, तो एग्रीमेंट में 3.5 करोड़ रुपए का चेक दिया गया जो बाउंस हो गया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद शिकायत करने वाले का पक्ष मजबूत होने पर कोर्ट ने तीनों को सजा का फैसला सुनाया। शिकायतकर्ता के वकील भरत जोशी ने बताया कि कोर्ट में करीब 7 साल तक चले केस की सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया गया है।

कोर्ट से सजा पाए शाहबाज सिंह सोही की पत्नी अनमोल गगन मान पंजाब सरकार में मंत्री और पंजाबी गायिका हैं। अनमोल गगन मान को गगनदीप कौर मान के नाम से भी जाना जाता है। वह पंजाबी लोकगीतों और भांगड़ा गीतों के लिए जानी जाती हैं।