SGSU Advertisement
Home राजनीति आशा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर न्यूनतम वेतन की मांग की

आशा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर न्यूनतम वेतन की मांग की

0
3

श्रीनगर, 24 सितंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में गुरुवार को आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में आशा वर्कर प्रदर्शन में शामिल हुईं और सरकार से उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की अपील की।

प्रदर्शन कर रही आशा कार्यकर्ताओं ने न्यूनतम मजदूरी में तत्काल संशोधन करने की मांग की। उनका कहना है कि उनकी मजदूरी में कई वर्षों से कोई बदलाव नहीं हुआ है।

प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि उन्हें महज दो हजार रुपए ही सैलरी दी जाती है। इतनी कम सैलरी में घर का गुजारा चलाना काफी कठिन हो जाता है, और दूसरी तरफ महंगाई आसमान छू रही है।

प्रदर्शन में शामिल आमना ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि विधानसभा का सत्र चल रहा है, इसलिए अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए यह प्रदर्शन किया गया है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में भी आशा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था, लेकिन उनकी मांगों पर अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद एक बार फिर अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए प्रदर्शन किया गया। आशा कार्यकर्ताओं के साथ न्याय किया जाना चाहिए और उन्हें वर्कर का दर्जा दिया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से उन 1,500 रुपए की बढ़ोतरी को भी लागू करने की मांग की, जिसकी घोषणा करीब दो वर्ष पहले किए जाने की बात कही थी। उनका आरोप है कि बढ़ोतरी की घोषणा के बावजूद यह राशि उन्हें अब तक नियमित रूप से हाथ में नहीं मिली है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पिछले महीने भी उन्होंने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था, लेकिन उन्हें सरकार की ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं मिली।

अन्य प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और इसके बावजूद उन्हें उनकी मेहनत के अनुरूप भुगतान नहीं मिल रहा है।

आशा कार्यकर्ताओं ने यह भी मांग की कि उन्हें न्यूनतम वेतन के दायरे में लाया जाए, ताकि उन्हें निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का लाभ मिल सके। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने और लंबित मांगों का जल्द समाधान करने की अपील की।