Saturday, July 25, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन ‘अमर अकबर एंथोनी’ की रिलीज के 49 साल पूरे, नीतू कपूर ने...

‘अमर अकबर एंथोनी’ की रिलीज के 49 साल पूरे, नीतू कपूर ने मनमोहन देसाई का जताया आभार

0
32

मुंबई, 27 मई (आईएएनएस)। कुछ फिल्में सिर्फ मनोरंजन नहीं करतीं बल्कि इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाती हैं। एक ऐसी ही सदाबहार ब्लॉकबास्टर फिल्म ‘अमर अकबर एंथोनी’ 1977 में रिलीज हुई थी, जिसने बुधवार को अपने 27 साल पूरे कर लिए हैं। इस फिल्म के निर्देशक मनमोहन देसाई थे।

अभिनेत्री नीतू कपूर ने फिल्म की रिलीज के 49 साल पूरे होने की इंस्टाग्राम पर खुशी जाहिर की। उन्होंने स्टोरीज सेक्शन पर फिल्म का पोस्ट शेयर कर निर्देशक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “‘अमर अकबर एंथोनी’ 27 मई 1977 को रिलीज हुई थी, जिसके लिए निर्देशक मनमोहन देसाई का दिल से शुक्रिया।”

ब्लॉकबस्टर हिंदी एक्शन-कॉमेडी फिल्म ‘अमर अकबर एंथोनी’ आज भी उतनी ही पसंद की जाती है, जितनी रिलीज के समय की जाती थी। तीन भाइयों की यह अनोखी कहानी भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी कल्ट क्लासिक और ब्लॉकबस्टर मसाला फिल्मों में से एक है।

फिल्म में नीतू कपूर (नीतू सिंह) ने ‘डॉ. सलमा अली’ का किरदार निभाया था। वह फिल्म में एक दयालु और समझदार मुस्लिम डॉक्टर की भूमिका में हैं और अभिनेता ऋषि कपूर के साथ उनकी प्रेम कहानी दिखाई गई है।

इस फिल्म में तर्क पर भावना और ड्रामा को प्राथमिकता दी गई। फिल्म में एक्शन, कॉमेडी, रोमांस और शानदार गानों का ऐसा मिश्रण पेश किया गया जिसने बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। फिल्म में विनोद खन्ना (अमर), ऋषि कपूर (अकबर) और अमिताभ बच्चन (एंथोनी) ने मुख्य भूमिका निभाई।

यह फिल्म बचपन में बिछड़े तीन भाइयों की कहानी है, जिन्हें तीन अलग-अलग धर्मों के परिवारों ने पाला। अंततः वे एक साथ मिलकर अपने दुश्मन का पर्दाफाश करते हैं। यह फिल्म अपने शानदार संगीत, एक्शन, कॉमेडी और एकता में अनेकता के संदेश के लिए भारतीय सिनेमा के इतिहास में मील का पत्थर मानी जाती है।

अभिनेत्री नीतू कपूर हाल ही में कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘दादी की शादी’ में नजर आई थीं, जिसका निर्देशन आशीष आर. मोहन ने किया है। फिल्म में नीतू कपूर, कपिल शर्मा और आर. सरथकुमार मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके साथ ही नीतू कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी ने इस फिल्म से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया है।