Monday, June 29, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय अमेरिका-इजरायल व ईरान में संघर्ष को लेकर मुंबई में जगह-जगह प्रदर्शन, पुलिस...

अमेरिका-इजरायल व ईरान में संघर्ष को लेकर मुंबई में जगह-जगह प्रदर्शन, पुलिस अलर्ट

0
15

मुंबई, 3 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष की वजह से मुंबई के कई हिस्सों में प्रदर्शन हो रहे हैं। इसके चलते मुंबई में अमेरिका, इजरायल और ईरान की एंबेसी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुंबई पुलिस अलर्ट पर है और मुंबई पुलिस ने सभी अधिकारियों को हाईअलर्ट रहने के लिए कहा है।

बता दें कि मुंबई पुलिस की ओर से ईरान के समर्थन में या विरोध में होने वाले प्रदर्शनों को लेकर चेतावनी जारी की गई है कि प्रदर्शन के नाम पर दंगा व आगजनी की साजिश हो सकती है। इसे लेकर मुंबई पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। अमेरिका-इजरायल के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद ईरानी सरकार ने 40 दिन के शोक का ऐलान किया है।

अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद भारत में भी कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हो रहे है। खामेनेई की मौत पर कई लोगों की प्रतिक्रिया सामने आई है। शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद का सोमवार को बयान सामने आया। इसमें उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को गुमराह किया जा रहा है। पहले जब इराक पर हमला हुआ था, तो यही झूठा बहाना बनाया गया था कि वहां सामूहिक विनाश के हथियार मौजूद हैं। इराक तबाह हो गया, लेकिन कुछ भी नहीं मिला। यह सब झूठ और महज एक बहाना था।

शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद ने कहा कि ईरान के बारे में भी यही आरोप लगाया जा रहा है कि वह परमाणु बम बना रहा है। दुनिया को उसी तरह चेतावनी दी जा रही है, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है। तब भी पूरी निश्चिंतता थी, फिर भी कुछ नहीं मिला।

खामेनेई की मौत पर सोमवार को सपा के वरिष्ठ नेता अबू आजमी ने कहा कि जिस तरह एक 86 साल के सुप्रीम लीडर और उनके परिवार के लोगों को मार दिया गया, इसकी निंदा तो होनी ही चाहिए। यह बहुत बड़ा जुर्म हो रहा है। सपा नेता ने मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के इजरायल दौरे पर कहा कि हम नहीं जानते कि उन्हें लड़ाई का पता था या नहीं पता था। इतनी बड़ी जंग की शुरुआत होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी इजरायल में थे तो क्या इस पर चर्चा नहीं हुई होगी।

सपा नेता अबू आजमी ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि भारत को इस लड़ाई को रुकवाने की कोशिश करनी चाहिए। ईरान में चल रही लड़ाई का भारत को भी बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है।

— आईएएनएस

एसडी/पीयूष