SGSU Advertisement
Home अपराध अमरोहा में गोकशी का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी...

अमरोहा में गोकशी का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

0
1

अमरोहा, 9 नवंबर (आईएएनएस)। छोटी दीपावली पर गोवंशीय पशुओं के कटान को लेकर हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी बताए जा रहे मोहसिन को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है।

जानकारी के अनुसार मामला नगर कोतवाली क्षेत्र की रज्जाक चौकी के पास स्थित मछली वाली गली का है। छोटी दीपावली पर यहां एक ई-रिक्शा पर गोवंशीय अवशेष मिलने के बाद हंगामा हो गया था। इसकी जानकारी मिलने पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए बिजनौर रोड पर जाम लगा दिया था। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद मुख्य आरोपी मोहसिन की तलाश में पुलिस टीमें जुटी थीं।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी जटीवन मार्ग पर मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान मोहसिन ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली उसके पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।

बताया जा रहा है कि मोहसिन पर मछली वाली गली स्थित अपनी दुकान में कथित रूप से गोवंशीय पशुओं का कटान करने और ई-रिक्शा के माध्यम से मांस की सप्लाई कराने का आरोप है।

अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि मामले में सात लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि अब मुख्य आरोपी मोहसिन को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि नामजद अन्य चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं।

फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही मुठभेड़ में बरामद हथियारों और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।