नई दिल्ली, 6 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता दिनेश शर्मा को अंडमान एवं निकोबार का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। अपनी नियुक्ति पर दिनेश शर्मा ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सहित केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया है। वहीं, कई अन्य नेताओं ने दिनेश शर्मा को बधाई दी है।
दिनेश शर्मा ने एक्स पोस्ट में कहा, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का आभार। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए मैं सभी सम्मानित वरिष्ठजनों, शुभचिंतकों, मित्रों एवं देशवासियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपनी शुभकामनाओं और आशीर्वाद से मुझे निरंतर प्रेरित किया। यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि संविधान, राष्ट्र और जनसेवा के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ इस दायित्व का निर्वहन करने का संकल्प लेता हूं। आप सभी का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद सदैव इसी प्रकार बना रहे।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह का लेफ्टिनेंट गवर्नर नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई। आपके सफल एवं यशस्वी कार्यकाल हेतु अनंत मंगलकामनाएं।”
यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने एक्स पोस्ट में कहा, “राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह का उपराज्यपाल बनाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं।”
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पोस्ट में कहा, “राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के महामहिम उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की अनंत शुभकामनाएं! मुझे पूरा विश्वास है कि अपने दीर्घ अनुभव, प्रशासनिक दक्षता एवं समर्पण के साथ आप इस महत्वपूर्ण दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए द्वीपसमूह के विकास को नई गति और नई दिशा देंगे।”
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया, “अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के नए उपराज्यपाल नियुक्त होने पर पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके समृद्ध प्रशासनिक अनुभव, कुशल नेतृत्व एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण से अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगा। आपके सफल एवं यशस्वी कार्यकाल के लिए मेरी ओर से अनंत मंगलकामनाएं।”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा दिनेश शर्मा को को अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह का उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई। पूर्ण विश्वास है कि डॉ. दिनेश शर्मा के व्यापक अनुभव, कुशल नेतृत्व एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण से अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के विकास को नई गति मिलेगी। आपके सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।”
भाजपा के वरिष्ठ नेता तरुण चुघ ने एक्स पर पोस्ट किया, “डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के माननीय उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके अनुभव एवं कुशल नेतृत्व से अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा।”
