SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय अंग्रेजों के बाद कांग्रेस ने जनजातीय वर्ग का शोषण किया: सीएम मोहन...

अंग्रेजों के बाद कांग्रेस ने जनजातीय वर्ग का शोषण किया: सीएम मोहन यादव

0
1

शहडोल, 16 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के बाद कांग्रेस के लोगों ने भी जनजाति वर्ग का शोषण किया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव सोमवार को शहडोल जिले के ब्यौहारी में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए और रोड शो में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को हर वर्ष जनजातीय गौरव दिवस मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया, ये दिवस अब मध्य प्रदेश समेत देशभर में एक त्यौहार की तरह मनाया जा रहा है।

उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अंग्रेजों के बाद कांग्रेस के लोगों ने भी जनजातीय वर्ग का शोषण किया। सरकार की योजनाएं केवल गांधी परिवार के नाम तक सीमित रही, लेकिन हमारी सरकार ने जनजातीय महानायकों का सम्मान किया है, जनजातीय संस्कृति और परंपराओं का सम्मान सदैव हमारी प्राथमिकता रही है।

सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि जनजातीय वर्ग के उत्थान और जनजातीय बाहुल्य क्षेत्रों में विकास कार्य के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। कांग्रेस और उनके नेता कितना ही विरोध करे, लेकिन हम सड़क से लेकर सदन तक उनके जनजातीय विरोधी मंसूबों को कामयाब नहीं होने देंगे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पहली बार जनजातीय महिला को राष्ट्रपति बनाया गया है। मध्य प्रदेश में हमारी सरकार में भी जनजातीय वर्ग को सम्मानपूर्वक प्रतिनिधित्व है।

उन्होंने राज्य में मनाए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस की चर्चा करते हुए कहा कि रानी दुर्गावती की राजधानी जबलपुर में हमने भव्य एवं दिव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर तीन दिनों तक बड़े स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही, पूरे जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेश के स्कूलों एवं कॉलेजों में लगभग डेढ़ हजार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने आगे कहा कि जबलपुर के बाद धार में प्रधानमंत्री के माध्यम से 1,300 करोड़ की लागत वाली पाइपलाइन आधारित नल-जल योजना की सौगात दी गई। इस प्रकार 20 दिनों के भीतर हमारी सरकार ने जनजातीय क्षेत्रों में सिंचाई का रकबा बढ़ाने सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग 4,000 करोड़ की सौगात दी है। इसके बाद बड़वानी, आलीराजपुर और आज शहडोल में भी बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।