ऑकलैंड, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने शुक्रवार को ईडन पार्क में न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मैच के दौरान अपने 150 विकेट किए। वह अंतरराष्ट्रीय टी20 में 150 विकेट लेने वाले भारत के पहले गेंदबाज हैं।
अर्शदीप ने न्यूजीलैंड की पारी के 19वें ओवर में न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सेंटनर को आउट करके यह उपलब्धि हासिल की।
अर्शदीप ने डेब्यू के बाद सबसे कम दिन में टी20 आई, में 150 विकेट लिए हैं। नवंबर 2022 में अपना टी20 डेब्यू करने वाले अर्शदीप ने 1577 दिनों में 150 टी20 विकेट पूरे किए। डेब्यू के बाद सबसे तेज 150 विकेट तक पहुंचने वाले पिछले खिलाड़ी का रिकॉर्ड श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा के नाम था। हसरंगा ने 2325 दिनों में अपने 150 विकेट पूरे किए थे।
बाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज गेंदों के हिसाब से 150 विकेट लेने के मामले में तीसरे नंबर पर है। अर्शदीप ने 2143 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की है। हसरंगा (2035 गेंदें) पहले और राशिद खान (2098) दूसरे नंबर पर हैं। अर्शदीप सबसे तेज 150 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज भी बन गए हैं। उन्होंने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को पीछे छोड़ा।
अर्शदीप ने फुल-मेंबर देशों के खिलाड़ियों द्वारा एक साल में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इस गेंदबाज ने 2026 में अब तक 40 विकेट लिए हैं। अर्शदीप ने जोश लिटिल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिनके नाम 2022 में 39 विकेट लेने का रिकॉर्ड था।
अर्शदीप के नाम अब 103 मैचों में 150 विकेट हो गए हैं। वह इस फॉर्मेट में भारत के सफलतम गेंदबाज हैं।
सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय टी20 विकेट अफगानिस्तान के राशिद खान के नाम है। राशिद ने 119 मैचों में 199 विकेट लिए हैं। इंग्लैंड के आदिल राशिद 153 मैचों में 171 विकेट लेकर दूसरे, हांगकांग के एहसान खान 119 मैचों में 165 विकेट लेकर तीसरे, न्यूजीलैंड के ईश सोढ़ी 142 मैचों में 165 विकेट लेकर चौथे, न्यूजीलैंड के ही टिम साउदी 126 मैचों में 164 विकेट लेकर पांचवें स्थान पर हैं।

