Thursday, August 20, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध असम: रंगिया में ट्रांसजेंडर की निर्मम हत्या, आरोपी गिरफ्तार

असम: रंगिया में ट्रांसजेंडर की निर्मम हत्या, आरोपी गिरफ्तार

0
3

दिसपुर, 19 अगस्त (आईएएनएस)। असम के कामरूप जिले में स्थित रंगिया से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक ट्रांसजेंडर की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई है।

दरअसल, रंगिया रेलवे स्टेशन के पास गुरकुची गांव में बुधवार को एक बेरहमी से हत्या हुई। आरोप है कि 28 वर्षीय सोना बाबू अली ने धारदार हथियार से ट्रांसजेंडर की हत्या कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, पीड़ित जाहिदुल इस्लाम उर्फ असमा बेगम पिछले पांच वर्षों से रंगिया रेलवे स्टेशन के पास गुरकुची गांव में किराएदार थी।

गोलपारा जिले का एक युवक, सोना बाबू अली, ट्रांसजेंडर असमा बेगम के साथ एक ही कमरे में रहता था। आरोप है कि दोनों साथ रह रहे थे। बुधवार को असमा बेगम जमीन पर मृत पाई गई। पीड़ित की लाश कमरे के अंदर मिली, उसका गला कटा हुआ था।

पड़ोसी ने रंगिया पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, सीआईडी और फोरेंसिक एक्सपर्ट स्निफर डॉग के साथ घटना की जांच करने के लिए मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से हथियार बरामद कर लिया। इस बीच, संदिग्ध आरोपी सोना बाबू अली ने गोलपारा जिले के लखीपुर पुलिस स्टेशन में सरेंडर कर दिया। रंगिया पुलिस सोना बाबू अली को गिरफ्तार करने के लिए लखीपुर पुलिस स्टेशन पहुंची। पूछताछ के बाद मर्डर की असली वजह पता चलेगी।

बता दें कि हत्या के एक दूसरे मामले में बुधवार को तेलंगाना के नलगोंडा जिले में अपने स्कूल की प्रिंसिपल और डायरेक्टर की बेरहमी से हत्या करने के आरोप में 10वीं क्लास के दो छात्रों को हिरासत में लिया गया है।

कोंडा मल्लेपल्ली मंडल मुख्यालय स्थित नागार्जुन पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर और प्रिंसिपल, 49 वर्षीय कल्लू रूपा रेड्डी की हत्या के एक हफ्ते से ज्यादा समय बाद पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले को सुलझा लिया। उनकी हत्या उनके घर पर की गई थी और उनके शरीर पर चाकू के 27 जख्म पाए गए थे।

पुलिस के मुताबिक, छात्रों ने पैसे के लिए रूपा रेड्डी की हत्या की, जबकि उनमें से एक छात्र उनसे नाराज भी था। रूपा रेड्डी अपने पति राजेंद्र रेड्डी के साथ रहती थीं। घटना के समय उनके पति काम के सिलसिले में हैदराबाद गए हुए थे। 12 अगस्त की सुबह उन्हें उनके घर पर मृत पाया गया। उनके शरीर पर चाकू के 27 जख्म थे।