SGSU Advertisement
Home खेल एशियन गेम्स: फ्लैग बियरर बनाने जाने की खबर सुन पूरी रात नहीं...

एशियन गेम्स: फ्लैग बियरर बनाने जाने की खबर सुन पूरी रात नहीं सो पाए पवन सेहरावत

0
4

नागोया, 19 सितंबर (आईएएनएस)। भारत के कबड्डी स्टार पवन सेहरावत को गर्व है कि उन्हें ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर के साथ एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी के लिए भारत का फ्लैग बियरर चुना गया है। सेहरावत को भारत का फ्लैग बियरर तब बनाया गया जब पहले से इस भूमिका के लिए चयनित तेजिंदरपाल सिंह तूर तकनीकी दिक्कतों की वजह से बाहर हो गए थे।

ओपनिंग सेरेमनी से पहले पवन ने कहा, “मैं भारतीय झंडा उठाने के लिए बहुत ज्यादा उत्साहित हूं। जब मुझे पता चला कि मैं फ्लैग बियरर हूं, तो पूरी रात मुझे नींद नहीं आई। यह मेरे लिए बहुत गर्व का पल है। हमारा एक अभ्यास शेड्यूल है। आम तौर पर, मैं अपने कोच या आईओए के तय शेड्यूल के हिसाब से अभ्यास करता हूं। मैं कल रात सोया नहीं। आज, मैं सुबह जिम गया और यहां आ गया।”

आईओए के एक वीडियो में सहरावत ने कहा, “मैं पूरी रात जागा रहा हूं। लेकिन मेरे हाथों में अपने देश का झंडा उठाने की एनर्जी अभी भी है। यह मेरे लिए गर्व की बात है।”

सहरावत ने बताया कि उन्होंने अपने घर पर किसी को नहीं बताया, सिवाय अपने बड़े भाई के, जिन्होंने उन्हें रात में फोन किया था। मैंने सुबह सबको अपने फ्लैग बिययर के रूप में चयन की बात बताई।

2022 एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले कप्तान सहरावत के साथ पेरिस गेम्स में दो कांस्य पदक जीतने वाली मनु भाकर भी होंगी, जो ओपनिंग सेरेमनी में उनके साथ भारतीय तिरंगा लेकर चलेंगी।

मनु भाकर के साथ फ्लैग बियरर बनाए जाने पर पवन ने कहा, “मैं उनसे पहले भी मिल चुका हूं। वह बहुत प्रेरक एथलीट हैं। यह मेरे लिए भी गर्व का पल है। मैं ओलंपिक पदक विजेता के साथ फ्लैग बियरर के तौर पर जाऊंगा।”

उन्होंने कहा, “इतनी बड़ी एथलीट के साथ जाना मेरे लिए अच्छा पल है। जब मैं उनसे पहली बार मिला था, तो उन्होंने बहुत प्रेरणादायी स्पीच दी थी। वह पूरी इंडियन टीम से मिलने आई थीं। अब हमारी दूसरी मुलाकात होगी।”