SGSU Advertisement
Home खेल इरफान पठान ने कहा- वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में यशस्वी जायसवाल...

इरफान पठान ने कहा- वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में यशस्वी जायसवाल को मिले मौका

0
4

नई दिल्ली, 19 सितंबर (आईएएनएस)। भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने यशस्वी जायसवाल का समर्थन करते हुए उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में मौका देने की वकालत की है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 27 सितंबर से होना है।

जायसवाल भारत के बैकअप ओपनर रहे हैं और उन्हें मिले सीमित मौकों में उन्होंने काफी प्रभावित किया है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अब तक खेले छह वनडे मैचों में दो शतक लगाए हैं और कप्तान शुभमन गिल व अनुभवी रोहित शर्मा के बाद ओपनर के तौर पर खुद को भरोसेमंद साबित किया है।

भारत 27 सितंबर से घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलने जा रहा है। ऐसे में पठान यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि भारतीय टीम मैनेजमेंट बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को कैसे मौके देता है, ताकि वनडे वर्ल्ड कप 2027 से पहले उनकी लय बनी रहे।

पठान ने ‘स्टार स्पोर्ट्स’ द्वारा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शेयर किए गए वीडियो में कहा, “इस सीरीज में एक खिलाड़ी पर मेरी नजर रहेगी। वह यशस्वी जायसवाल हैं। यह देखने के लिए उत्सुक हूं किउन्हें कितने मौके मिलते हैं, खासकर वेस्टइंडीज के खिलाफ इस वनडे सीरीज में।”

पठान ने आगे कहा, “देखिए, एक बात तो तय है, जायसवाल आपके बैकअप ओपनर हैं। अभी वह आपके तीसरे ओपनर हैं। जब तक आप साउथ अफ्रीका (वनडे वर्ल्ड कप के लिए) पहुंचेंगे, तब तक ऐसा नहीं होना चाहिए कि आपके बैकअप ओपनर को पर्याप्त मौके न मिले हों। इसी वजह से जब भी मौका मिले, उन्हें खेलते हुए देखना मेरे लिए जरूरी है।”

एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल बचाने के लिए भारत ने टी20 इंटरनेशनल के लिए एक मजबूत टीम भेजी है, इसलिए वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में ‘मेन इन ब्लू’ (भारतीय टीम) में कुछ नए खिलाड़ी भी शामिल हैं। इनमें नमन धीर (जिन्हें पहली बार भारतीय टीम के लिए बुलावा आया है), आकिब नबी (जिन्हें पहली बार वनडे के लिए चुना गया है) और नीतीश कुमार रेड्डी शामिल हैं।

पठान वेस्टइंडीज सीरीज को इन खिलाड़ियों के लिए एक मौके के तौर पर देखते हैं। “श्रेयस, अक्षर और वॉशिंगटन सुंदर एशियन गेम्स खेल रहे हैं, इसलिए वे टीम में नहीं हैं। बाकी खिलाड़ियों के लिए यह एक बड़ा मौका है। यह एक तरह की दूसरी टीम है जिसमें कई खिलाड़ियों को आजमाया जा रहा है। नीतीश कुमार रेड्डी को मौका मिलेगा, जुरेल को मौका मिलेगा। इसके साथ ही, आकिब नबी को मौका मिलेगा और गुरनूर बरार को इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना करियर आगे बढ़ाने का मौका मिलेगा।”

उन्होंने बताया कि भारतीय टीम घरेलू सीरीज में अपनी बेंच स्ट्रेंथ को आजमा सकती है। “आप वेस्टइंडीज के खिलाफ ऐसा कर सकते हैं, और मुझे लगता है कि यह सही दिशा भी है। आपको बहुत सी बातें पता चलेंगी, क्योंकि अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप से पहले आपको 11 मैच खेलने को मिलेंगे। इन मैचों में आप बेंच स्ट्रेंथ को भी देखना चाहेंगे।”

पठान ने आगे कहा, “यह एक मौका है क्योंकि अगर एशियन गेम्स और वेस्टइंडीज सीरीज एक साथ हो रही हैं, तो यह एक तरह से अच्छी बात है क्योंकि कई युवा खिलाड़ियों को निश्चित रूप से मौका मिलेगा। एक और खिलाड़ी जिसके बारे में मैं जरूर बात करना चाहूंगा, वह है नमन धीर। मैं सच में उनकी तारीफ करता हूं। मुझे लगता है कि उनमें बहुत टैलेंट है। मगर घरेलू क्रिकेट में उनके प्रदर्शन से ज्यादा, उन्हें उनकी बॉलिंग स्किल्स के लिए चुना गया है। वह एक ऑफ-स्पिनर हैं, और भारत को इसकी थोड़ी कमी महसूस हो रही है। इसका कारण यह है कि एशियन गेम्स की वजह से वॉशिंगटन सुंदर भी उपलब्ध नहीं हैं। रियान पराग चोट से जूझ रहे हैं।”