SGSU Advertisement
Home खेल बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में एनरिक नॉर्त्जे की वापसी तय

बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में एनरिक नॉर्त्जे की वापसी तय

0
3

जोहान्सबर्ग, 12 नवंबर (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्त्जे बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में वापसी करने को तैयार हैं। हेड कोच शुकरी कॉनराड ने गुरुवार को यह जानकारी दी। गकेबेरहा में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान नॉर्त्जे के ग्रोइन (जांघ के ऊपरी हिस्से) में चोट लग गई थी, लेकिन स्कैन से पता चला कि चोट ज्यादा गंभीर नहीं है।

दोनों टीमें 15 नवंबर से जोहान्सबर्ग में टेस्ट सीरीज का पहला मैच खेलेंगी, जिसके बाद 23 नवंबर से सेंचुरियन में दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद तीन वनडे और फिर इतने ही टी20 मुकाबलों की सीरीज आयोजित होगी।

हालांकि, नॉर्त्जे रविवार से वांडरर्स में शुरू होने वाले सीरीज के पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। कॉनराड ने कहा, “टेस्ट मैच के दौरान वह सेंट जॉर्ज में स्कैन के लिए गए थे, जिसमें कोई गंभीर समस्या नहीं दिखी। स्थिति उतनी खराब नहीं थी जितना शुरू में सोचा गया था और इसके लिए किसी विशेष उपचार की भी जरूरत नहीं पड़ी – बस थोड़ा आराम और फिर रिहैब की जरूरत थी।”

‘क्रिकइन्फो’ की रिपोर्ट के अनुसार, कॉनराड ने गुरुवार को कहा, “वह निश्चित रूप से यहां होने वाले टेस्ट मुकाबलों में से किसी एक के लिए उपलब्ध रहेंगे, संभवतः दूसरे टेस्ट के लिए। मेडिकल नजरिए से कोई दिक्कत नहीं है और वह अच्छी तरह से ठीक हो गए हैं। उन्होंने समय रहते ट्रेनिंग भी शुरू कर दी है। अभी वह धीरे-धीरे अपना वर्कलोड बढ़ा रहे हैं और दूसरे टेस्ट तक वह पूरी तरह फिट हो जाएंगे।”

जब तक नॉर्त्जे उपलब्ध नहीं होते, तब तक तीसरे तेज गेंदबाज की भूमिका के लिए कॉर्बिन बॉश और डेन पैटरसन मुख्य दावेदार हैं। कॉनराड ने यह भी स्पष्ट किया कि नॉर्त्जे की वापसी का मतलब यह नहीं है कि टीम में केवल तेज गेंदबाज ही होंगे। उन्होंने कहा, “पूरी तरह से तेज गेंदबाजों वाली लाइन-अप का क्या मतलब है? क्या इसमें चार गेंदबाज होंगे या पांच? अगर आप पांच तेज गेंदबाजों को उतारते भी हैं, तो भी किसी न किसी को अपने ओवर नहीं मिल पाएंगे। वियान (मुल्डर) अभी गेंदबाजी के जरिए टीम को एक स्पेशलिस्ट स्पिनर खिलाने का विकल्प देते हैं। मेरे हिसाब से पांचवां तेज गेंदबाज रखना बेकार है, क्योंकि अगर चार तेज गेंदबाज मिलकर विपक्षी टीम को ऑलआउट नहीं कर सकते, तो यकीन मानिए, पांचवां गेंदबाज भी ऐसा नहीं कर पाएगा। इसलिए, पांच तेज गेंदबाजों को खिलाने का कोई सवाल ही नहीं उठता।”

हाल के वर्षों में वांडरर्स की पिच पर स्पिनर्स को कुछ मदद मिली है, लेकिन टेस्ट के हर दिन आंधी-तूफान का अनुमान है, जिससे तेज गेंदबाजों को फायदा मिल सकता है। कॉनराड ने कहा, “यह बिल्कुल सामान्य बात है। यहां काफी गर्मी है। हम बस यही उम्मीद करते हैं कि पिच को जरूरत से ज्यादा तैयार न किया गया हो या बहुत जल्दी तैयार न कर दिया गया हो। इस पर घास की अच्छी परत है। मुझे उम्मीद है कि हमें वांडरर्स की पुरानी पिच जैसा विकेट मिलेगा, जहां अच्छी गति और संतुलन हो, क्योंकि मुझे लगता है कि हमारा गेंदबाजी आक्रमण ऐसी पिचों पर अच्छा प्रदर्शन कर सकता है। हम अच्छी पिचों पर 20 विकेट ले सकते हैं। और हम निश्चित रूप से अपने बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर बनाने का पूरा मौका देना चाहते हैं।”