SGSU Advertisement
Home अपराध आजमगढ़ : फर्जी सीओ बनकर शराब ठेका दिलाने के नाम पर 90...

आजमगढ़ : फर्जी सीओ बनकर शराब ठेका दिलाने के नाम पर 90 हजार की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

0
5

लखनऊ, 18 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने सर्कल ऑफिसर (सीओ) बनकर शराब का ठेका दिलाने का झांसा देकर 90,000 रुपए की धोखाधड़ी की।

दरअसल, आजमगढ़ के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर शराब का ठेका दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को सीओ अधिकारी बताकर पीड़ित से शराब का ठेका दिलाने के नाम पर 3.20 लाख रुपए की मांग की थी और 90 हजार रुपए नगद ले लिए थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी संजय ने 1 सितंबर को पुलिस की वर्दी पहनकर पीड़ित को वीडियो कॉल भी किया था। शक होने पर पीड़ित ने जब आरोपी के बारे में जानकारी पता की तो उसके फर्जी पुलिस अधिकारी होने का खुलासा हुआ। इसके बाद पीड़ित द्वारा गुरुवार को गंभीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।

आजमगढ़ के अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को गंभीरपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना और लोकेशन के आधार पर रानीपुर रजमों मोड़ के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया है।

आरोपी की पहचान संजय (निवासी मगरावा, थाना गंभीरपुर, उम्र करीब 40 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से दो कूटरचित पुलिस अधिकारी पहचान पत्र, शराब ठेके का फर्जी आवंटन पत्र, डिप्टी एसपी की पुलिस वर्दी का सेट और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस इस मामले से जुड़ी आगे की विधिक कार्रवाई करने में जुटी है।

मामले को लेकर आजमगढ़ अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, चिराग जैन ने बताया कि थाना गंभीरपुर पुलिस द्वारा फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर 90 हजार रुपए की साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से जो पूछताछ की गई है, उसमें प्रकाश में आया कि यह वीडियो कॉल के माध्यम से वर्दी और पहचान पत्र पहनकर लोगों को यह विश्वास दिलाता था कि वह पुलिस में तैनात है और शराब के ठेके आदि संबंधित काम वह करा देगा। इसके बदले वह लोगों से मोटी रकम लेता था।

पुलिस ने बताया कि जो मोबाइल मिले हैं तथा जो पूछताछ की गई है, उसमें कई और भी लोगों से ठगी की संभावना प्रतीत हो रही है। इस संबंध में गहराई से जांच और पूछताछ के लिए टीम गठित कर दी गई है।