SGSU Advertisement
Home राजनीति बदलता डाकघर, बदलते भारत की नई तस्वीर : ज्योतिरादित्य सिंधिया

बदलता डाकघर, बदलते भारत की नई तस्वीर : ज्योतिरादित्य सिंधिया

0
2

गुना, 18 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि डाकघर आज केवल डाक पहुंचाने का माध्यम नहीं रहा, बल्कि यह आधुनिक भारत के जनसेवा केंद्र के रूप में तेजी से बदल रहा है। बदलता डाकघर, बदलते भारत की नई तस्वीर है।

सिंधिया के संसदीय क्षेत्र गुना में प्रधान डाकघर के कायाकल्प और जनसेवा कनेक्ट थीम पर तैयार सेवाओं का शुक्रवार को लोकार्पण किया गया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत बदल रहा है और उसी बदलाव के साथ भारतीय डाक व्यवस्था भी बदल रहा है। कभी डाकिया चिट्ठी लेकर घर तक पहुंचता था, आज वही डाक व्यवस्था डिजिटल सेवाओं, वित्तीय सेवाओं, पासपोर्ट, आधार, पार्सल, बीमा और बैंकिंग जैसी अनेक सुविधाओं को नागरिकों के और करीब ला रही है। इसी बदलते डाकघर की तस्वीर गुना प्रधान डाकघर में भी दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार की आधुनिक डिजाइन अवधारणा और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रधान डाकघर के भवन का कायाकल्प किया गया है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि गुना प्रधान डाकघर का यह नया रूप केवल भवन का सौंदर्यीकरण नहीं है, बल्कि बदलती डाक व्यवस्था का प्रतीक है। हमारा प्रयास है कि जब कोई नागरिक डाकघर आए तो उसे बेहतर वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और सरल एवं त्वरित सेवाएं एक ही स्थान पर मिलें।

उन्होंने कहा कि आज डाक विभाग डिजिटल इंडिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। डिजिटल तकनीक के विस्तार के कारण नागरिकों को अनेक सेवाओं के लिए बार-बार डाकघर आने की आवश्यकता नहीं है। ‘डाक सेवा’ और ‘डाक मित्र’ जैसे डिजिटल माध्यमों से अनेक सेवाओं का लाभ घर बैठे प्राप्त किया जा सकता है।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि डाकघर का यह परिवर्तन केवल शहरों तक सीमित नहीं है। देश के अंतिम छोर तक रहने वाले नागरिक को बेहतर डाक एवं वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। डाकघर को आधुनिक बनाना, सेवाओं को डिजिटल बनाना और नागरिकों के समय की बचत करना, यही नए भारत की नई डाक व्यवस्था की दिशा है।