Monday, June 1, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध बरेली में पुलिस ने शातिर बदमाश के दोनों पैरों में गोली मारकर...

बरेली में पुलिस ने शातिर बदमाश के दोनों पैरों में गोली मारकर किया गिरफ्तार

0
3

बरेली, 1 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बरेली में हत्या का प्रयास करने वाले बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है।

सीओ सिटी प्रथम बरेली आशुतोष शिवम ने बताया कि 31 मई की सुबह एक व्यक्ति ने थाना प्रेमनगर पर आकर तहरीर दी गई। तहरीर में बताया गया कि बिलाल घोसी ने उनके परिवार के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से चाकू से भी हमला किया, जिसमें वह घायल हो गए। तहरीर पर तुरंत मुकदमा दर्ज कर दो पुलिस टीमों को बिलाल घोसी को गिरफ्तार करने के लिए रवाना किया गया।

सीओ सिटी ने बताया कि पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं, तभी मुखबिर की सूचना पर 31 मई और 1 जून की मध्यरात्रि को पुरानी रेलवे लाइन के पास जनकपुरी में बिलाल को घेरने का प्रयास किया गया तो उसने भागते हुए फायरिंग की। इस पर जवाबी फायरिंग में बिलाल घोषी के दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे तुरंत पुलिस ने दबोच लिया। घायल बिलाल के कब्जे से तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। घायल बिलाल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीओ ने बताया कि बिलाल घोसी पर खिलाफ लूट, चोरी समेत कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। आरोपी के अपराधी के इतिहास पर जल्द ही हिस्ट्रीशीट खुलवाई जाएगी और गुंडा एक्ट तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

मुठभेड़ के बाद आरोपी बिलाल घोसी दर्द से कराहता दिखा। पुलिसकर्मियों से कहा कि गलती हो गई, माफ कर दीजिए सर। अब बरेली में नहीं दिखूंगा। आरोपी के इस बयान से संबंधित वीडियो वायरल हो रहा है।

बिलाल घोसी करीब छह साल पहले पहली बार तब चर्चा में आया जब दूसरे समुदाय की युवती को फुसलाकर ले गया और उसका फर्जी आधार कार्ड बनवाकर शादी का दावा किया। बिलाल की गिरफ्तारी न होने को लेकर हिंदू संगठनों के लोगों ने किला थाने का घेराव किया था। तत्कालीन सीओ द्वितीय शाद मियां के खिलाफ नारेबाजी की गई थी। थाने में तोड़फोड़ हुई तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा था।