भाजपा का तूफान असम, बंगाल से होते हुए पंजाब में प्रवेश करेगा: अनिल विज

0
7

अंबाला, 8 मई (आईएएनएस)। हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने दावा किया है कि भाजपा का तूफान असम, बंगाल होते हुए अब पंजाब में प्रवेश करेगा। यहां होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत होगी, और अगली सरकार भाजपा की बनेगी।

अनिल विज का यह बयान उस वक्त आया है, जब पंजाब में हुए धमाके के बाद सियासत तेज हो गई है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इन धमाकों को लेकर भाजपा पर आरोप लगाया है। हरियाणा सरकार में मंत्री भगवंत मान के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि आरोप लगाने से कुछ नहीं होता। सबूत हैं तो पेश करें, नहीं तो अपने झूठे बयानों के लिए इस्तीफा दें।

अंबाला में आईएएनएस से बात करते हुए अनिल विज ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तंज कसते हुए मजाकिए अंदाज में कहा कि लगता है कि वह ज्यादा नशा करने लगे हैं, इसीलिए ऐसे बयान देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के मुख्यमंत्री अपने ही अधिकारियों के खिलाफ बयान दे रहे हैं।

विज ने कहा कि अगर उन्हें लगता है कि यह काम भारतीय जनता पार्टी ने किया है तो या तो वे इसे साबित करें या अपना इस्तीफा दे दें। वे सिर्फ मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि गृह मंत्री भी हैं। ऐसे झूठे आरोप लगाना उन्हें शोभा नहीं देता।

मंत्री ने कहा कि पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी की लहर चल रही है, जो बंगाल और असम से होते हुए अब पंजाब की ओर बढ़ रही है। भगवंत मान इसी से डरे हुए हैं क्योंकि अगली सरकार पंजाब में भाजपा की बनने वाली है। इसी कारण वे भाजपा पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।

वंदे मातरम राष्ट्रीय गीत को लेकर चल रहे विवाद पर हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने कहा कि वंदे मातरम हमारा राष्ट्रीय गीत है और यह जन-गण-मन के समान ही महत्वपूर्ण है। इसे गाना और इसका सम्मान करना हर भारतीय की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा अगर हम भारत में रहना चाहते हैं तो हमें वंदे मातरम गाना ही होगा।

हरियाणा नगर पालिका चुनावों का जिक्र करते हुए अनिल विज ने दावा किया कि पूरे हरियाणा में भाजपा ही जीतने वाली है। हवा भाजपा के पक्ष में है। पूरे देश में कहीं भी चुनाव हो रहे हैं, वहां भाजपा की जीत तय है।

उन्होंने बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि जहां पिछले 15 वर्षों से गुंडों के दम पर राज चल रहा था, वहां भी भाजपा की इस लहर ने उनकी जड़ें उखाड़ दी हैं।