SGSU Advertisement
Home राजनीति यूपी भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक का दूसरा दिन, चुनावी रणनीति पर...

यूपी भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक का दूसरा दिन, चुनावी रणनीति पर होगा मंथन

0
3

लखनऊ, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दूसरे दिन शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में प्रदेश के सभी पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। पूरे उत्तर प्रदेश से आए जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और अन्य संगठनात्मक पदाधिकारियों की इस बैठक में आगामी रणनीति पर मंथन किया जाएगा।

बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी कार्यक्रमों और अभियानों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की योजना बनाना है। पार्टी बूथ स्तर तक अपनी गतिविधियों को मजबूत करने पर जोर दे रही है।

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने बैठक के एजेंडे पर जानकारी देते हुए कहा, “शनिवार की बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा होगी। हमारे जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और सभी प्रदेश पदाधिकारी इस बात पर मंथन करेंगे कि आने वाले दिनों में होने वाले कार्यक्रमों और गतिविधियों को किस तरह से बेहतर तरीके से संचालित किया जाए, ताकि पार्टी का हर अभियान सफल हो सके।”

वहीं, भाजपा के राज्यसभा सांसद विद्यासागर सोनकर ने बताया कि संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने के लिए कैलेंडर आधारित कार्यक्रम तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा, “आज सभी जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और संगठनात्मक सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसके बाद प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। अब एक कैलेंडर आधारित कार्यक्रम तैयार किया जाएगा, ताकि इसे जमीनी स्तर पर सही ढंग से लागू किया जा सके और पार्टी का संदेश व गतिविधियां हर बूथ तक पहुंचाई जा सकें।”

भाजपा सांसद प्रियंका सिंह रावत ने कहा कि संगठनात्मक बैठकों का आयोजन नियमित प्रक्रिया है, जिससे कार्यक्रमों और अभियानों की समीक्षा की जाती है।

कार्यसमिति की बैठक पर भाजपा के गोविंद नारायण शुक्ला ने कहा, “प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्षों की बैठक है। शुक्रवार की बैठक में जो कार्य समिति में आगामी कार्यक्रम विषय आए हैं, उनका फॉलोअप और उनको कैसे नीचे तक ले जाएं, इस विषय पर शनिवार को यहां पर प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में वो सब एक तरह से तय होगा और यह बैठक एक महत्वपूर्ण बैठक है। कार्यसमिति के बाद की बैठक में निश्चित रूप से जो काम तय किए हैं, उन सारे कामों को लेकर के हम लोग नीचे जाएंगे।”