Sunday, August 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति भारत से पाकिस्तान डरता है, इसीलिए खेलने से मना करता है: एसटी...

भारत से पाकिस्तान डरता है, इसीलिए खेलने से मना करता है: एसटी हसन

0
42

मुरादाबाद, 1 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के भारत के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप मैच खेलने से मना करने पर समाजवादी पार्टी के नेता एसटी हसन ने पाकिस्तान को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत से डरता है। वह पहले भी भारत से हारता रहा है, इसीलिए मैच खेलने से इनकार कर रहा है।

टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर पाकिस्तान सरकार ने बॉयकॉट करने का ऐलान किया।

पाकिस्तान के बॉयकॉट करने पर सपा नेता एसटी हसन ने कहा कि हम शुरू से कह रहे हैं कि जब तक पाकिस्तान भारत के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियां बंद नहीं करता, तब तक हमें उनके साथ मैच नहीं खेलना चाहिए, लेकिन आतंकवादी गतिविधियां जारी हैं और मैच भी खेले जा रहे हैं। मेरे हिसाब से तो मैच नहीं होना चाहिए। पाकिस्तान बांग्लादेश की आड़ ले रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि डर की वजह से पाकिस्तान ने खेलने से मना कर दिया और बांग्लादेश का बहाना बना लिया। हम भी उनके साथ खेलने के लिए इच्छुक नहीं हैं। पहले हालात ठीक करें, प्यार-मोहब्बत की फिजा बनाएं, फिर जितना खेलना है खेल लें।

सपा नेता ने कहा कि पाकिस्तान पहले यह बताए कि बांग्लादेश उनका कब से हितैषी हो गया है। पाकिस्तान इस बारे में कुछ नहीं कहता कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ क्या हो रहा है। सिर्फ बांग्लादेश की आड़ लेकर वह भारत के साथ मैच खेलने से बच रहा है।

बता दें कि पाकिस्तानी सरकार के आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर जानकारी दी गई है कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को हिस्सा लेने की मंजूरी देती है, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच के लिए मैदान पर नहीं उतरेगी।

इस मैच को लेकर जिस तरह से पाकिस्तान ने खेलने से इनकार किया है, उसे लेकर प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी है।

क्रिकेट फैंस का मानना है कि पाकिस्तान पहले भी कई बार ऐसे बयान देता रहा है। लेकिन, अगर वह भारत के साथ मैच नहीं खेलता है तो उसे ही नुकसान होगा।