SGSU Advertisement
Home खेल भारतीय बल्लेबाजों का सरेंडर, न्यूजीलैंड ए के नाम रहा अनौपचारिक टेस्ट का...

भारतीय बल्लेबाजों का सरेंडर, न्यूजीलैंड ए के नाम रहा अनौपचारिक टेस्ट का पहला दिन

0
6

लिंकन, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के लिंकन में खेले जा रहे पहले अनौपचारिक टेस्ट के पहले दिन भारत ए को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। न्यूजीलैंड ए ने तेज गेंदबाजों के लिए मददगार पिच का पूरा फायदा उठाया और भारत ए की पूरी टीम को 113 रन पर समेटा। दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ए ने पहली पारी के आधार पर 22 रनों की बढ़त भी हासिल कर ली है।

टॉस जीतकर गेंदबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ए ने हरी-भरी पिच का भरपूर फायदा उठाया। साइमन कीन ने 24 रन देकर 5 विकेट लिए, जबकि जैक गिब्सन ने 29 रन देकर 3 विकेट चटकाए। भारत ए के बल्लेबाज लगातार दबाव के आगे टिक नहीं पाए; केवल यश राठौड़ और देवदत्त पडिक्कल ही कुछ हद तक संघर्ष कर सके।

केएल राहुल ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद का पीछा करते हुए बिना खाता खोले आउट हुए। वहीं, यशस्वी जायसवाल 17 रन बनाने के बाद पहली स्लिप में कैच दे बैठे। इसके बाद कीन ने लगातार गेंदों पर साई सुदर्शन (0) और कप्तान ध्रुव जुरेल (1) को आउट कर भारत ए को शुरुआती संकट में डाला।

नंबर 3 पर उतरे देवदत्त पडिक्कल ने कुछ स्थिरता दी और 32 रन बनाए, लेकिन लंच के बाद अपनी पहली ही गेंद पर वह आउट हो गए। उनके आउट होने के बाद भारत ए का स्कोर 5 विकेट खोकर 56 रन हो गया। स्थिति तब और खराब हो गई जब वॉशिंगटन सुंदर भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।

निचले क्रम के बल्लेबाज भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और भारत ए का स्कोर 9 विकेट पर 81 रन हो गया। अंशुल कंबोज (10 रन), आकिब नबी (5 रन) और आकाश दीप भी सस्ते में पवेलियन लौटे। हालांकि, यश राठौड़ ने शानदार बल्लेबाजी की और भारतीय टीम को 100 रनों का आंकड़ा पार कराया। यश ने 49 गेंदों में 44 रन बनाकर नाबाद रहे। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी पारी में 3 छक्के लगाए। अंत में कीन ने मुकेश चौधरी को आउट करके अपने 5 विकेट पूरे किए और 39.2 ओवर में भारत ए की पूरी टीम को 113 रनों पर ऑलआउट किया।

न्यूजीलैंड ए के बल्लेबाजों ने संभलकर शुरुआत की। कर्टिस हीफी और कप्तान रीस मारियू ने मुश्किल परिस्थितियों का डटकर सामना किया। मारियू को तब जीवनदान मिला जब आकाश दीप की गेंद पर तीसरे स्लिप में जायसवाल कैच नहीं पकड़ सके, जिससे इस ओपनर को अपनी पारी जारी रखने का मौका मिल गया।

हीफी और मारियू ने मिलकर पहले विकेट के लिए 132 रन जोड़े। हीफी को 76 रनों के स्कोर पर मुकेश चौधरी ने पवेलियन भेजा। इसके बाद आकिब नबी ने नाइट वॉचमैन जेडन लेनॉक्स को आउट किया और फिर अगली ही गेंद पर टिम रॉबिन्सन को एलबीडब्ल्यू करते हुए लगातार दो गेंदों पर 2 विकेट चटकाए। दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 3 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 135 रन लगा लिए हैं। हीफी 37 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।