नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने की इच्छा रखने वाली महिला उम्मीदवारों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। दरअसल, इंडियन आर्मी ने शॉर्ट सर्विस कमीशन (एसएससी) के अंतर्गत पात्र अविवाहित महिला इंजीनियरिंग स्नातकी (ग्रेजुएट) के लिए विभिन्न 30 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह कोर्स अप्रैल 2027 में प्री-कमीशनिंग ट्रेनिंग अकादमी (पीसीटीए) में प्रारंभ होगा।
भारतीय सेना की ओर से जारी 30 रिक्तियों में सिविल के 7, कंप्यूटर साइंस के 4, इलेक्ट्रिकल के 3, इलेक्ट्रॉनिक्स के 6, मैकेनिकल के 9 और रक्षा कर्मियों की विधवाओं के लिए एसएससीडब्ल्यू टेक-68 (अप्रैल 2027) कोर्स एवं एसएससीडब्ल्यू टेक (नॉन-टेक) (नॉन-यूपीएससी)-125 (अप्रैल 2027) कोर्स के 1-1 पद शामिल हैं।
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 8 जुलाई के दोपहर 3 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 6 अगस्त तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के जिन इच्छुक उम्मीदवारों ने इन पदों पर नियुक्त होने के लिए अभी तक आवेदन पत्र नहीं भरा है, उन्हें तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित स्ट्रीम में इंजीनियरिंग की डिग्री होनी चाहिए। वहीं, रक्षा कर्मियों की विधवाओं के लिए जारी रिक्तियों के लिए कैंडिडेट्स के पास किसी भी टेक्निकल स्ट्रीम में बीई/बीटेक या किसी भी स्ट्रीम में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु अधिकतम आयु 27 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अप्रैल 2027 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदकों की शॉर्टलिस्टिंग, एसएसबी इंटरव्यू, चिकित्सा परीक्षण और मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। प्रशिक्षण की अवधि अप्रैल 2027 से मार्च 2028 तक 49 हफ्ते की होगी। ट्रेनिंग के दौरान उम्मीदवारों को 56,100 रुपए प्रति माह स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे। वहीं, ट्रेनिंग के बाद चयनित कैंडिडेट्स की रैंक लेफ्टिनेंट की होगी और सीटीसी लगभग 17 से 18 लाख रुपए के बीच सालाना होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
उम्मीदवारों को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए भारतीय सेना की ओर से संबंधित पदों के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

