SGSU Advertisement
Home अपराध शाहदरा फायरिंग में घायल जावेद निकला सीमापुरी हत्याकांड का वांटेड, शराब तस्करी...

शाहदरा फायरिंग में घायल जावेद निकला सीमापुरी हत्याकांड का वांटेड, शराब तस्करी और चोरी के मामले में भी खुलासा

0
7

नई दिल्ली, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली के शाहदरा जिले की पुलिस ने अपराध पर लगाम लगाते हुए तीन बड़ी कार्रवाई की हैं। शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीना ने आईएएनएस से बातचीत में इन कार्रवाइयों की जानकारी दी। इनमें देर रात हुई गोलीबारी की घटना का मामला, अवैध शराब की बड़ी खेप की जब्ती और एक सक्रिय वाहन चोर की गिरफ्तारी और पांच चोरी की दोपहिया गाड़ियों की बरामदगी शामिल हैं।

देर रात हुई फायरिंग और चाकू मारने की घटना के बारे में जानकारी देते हुए डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीना ने बताया कि रात 9 बजकर 20 मिनट पर पुलिस को फायरिंग की कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां जावेद नाम का एक व्यक्ति घायल अवस्था में मिला, जिसे गोली लगी थी। उसके साथ मौजूद एक महिला पर चाकू से हमला किया गया था। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जांच में सामने आया कि घायल जावेद खुद एक आपराधिक पृष्ठभूमि वाला व्यक्ति है। पिछले साल अक्टूबर में सीमापुरी थाने में हुए एक हत्या के मामले में वह वांटेड था और दिल्ली पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा था।

डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीना ने कहा कि इस फायरिंग की घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

दूसरी बड़ी कार्रवाई में शाहदरा जिले की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। डीसीपी ने बताया कि एएनटीएफ के इंस्पेक्टर अर्जुन को सूचना मिली थी कि शाहदरा जिले में बड़ी मात्रा में अवैध शराब की सप्लाई होने वाली है।

इस सूचना पर इंस्पेक्टर अर्जुन के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। टीम में एसआई दीपक, एसआई शोकेंदर, हेड कांस्टेबल विकास, राजेश, योगेश, दीपक, कांस्टेबल अर्जुन और महिला हेड कांस्टेबल सत्यवती व महिला कांस्टेबल शिवानी शामिल थीं।

टीम ने विवेक विहार थाना क्षेत्र के ज्वाला नगर रेलवे लाइन के पास जाल बिछाया। वहां एक वाहन को रोका गया, जिसकी तलाशी में 5,000 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई। इस अवैध कारोबार के मालिक कुलदीप उर्फ बंटी को मौके से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शराब ले जाने में इस्तेमाल किया गया टेम्पो और एक स्कूटी भी जब्त की है।

आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि पता चल सके कि वह यह शराब कहां से लाता था और दिल्ली में किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई करता था। यह एएनटीएफ टीम के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

डीसीपी ने बताया कि जिले में लगातार बढ़ रही दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों पर रोक लगाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। यह कार्रवाई एटीएस की टीम ने की, जिसका नेतृत्व इंस्पेक्टर प्रदीप ने किया और एसीपी पवन के सुपरविजन में टीम ने काम किया। पुलिस टीम ने जीटीबी थाना क्षेत्र में ट्रैप लगाया। ट्रैप के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने चार और चोरी की गाड़ियों के बारे में जानकारी दी। इस तरह पुलिस ने कुल पांच दोपहिया वाहनों को बरामद किया है।

आरोपी की पहचान अंकित के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 28 साल है और वह मंडोली का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अंकित पर पहले से ही दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। बरामद किए गए वाहनों में से दो वाहन शाहदरा जिले के हैं, दो पूर्वी दिल्ली के हैं और एक वाहन उत्तरी दिल्ली क्षेत्र से चोरी किया गया था।