Saturday, August 1, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति भोपाल मे हो रहे जलापूर्ति की गहनता से जांच कराई जाए :...

भोपाल मे हो रहे जलापूर्ति की गहनता से जांच कराई जाए : जीतू पटवारी

0
3

भोपाल, 1 अगस्त (आईएएनएस) कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राजधानी भोपाल में होने वाली जलापूर्ति की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उच्च स्तरीय जांच करने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने भोपाल की पेयजल व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राजधानी भोपाल की जनता को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।

बड़े तालाब और कोलार जलापूर्ति से जुड़े पानी के नमूनों में फीकल कॉलीफॉर्म बैक्टीरिया मिल ना अत्यंत चिंताजनक है और यह सीधे-सीधे प्रदेश की लाखों जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। पटवारी ने कहा है कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार बड़े तालाब से सप्लाई होने वाले लगभग 90 प्रतिशत पानी के नमूनों में सीवेज जनित फीकल कॉलीफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया है, जबकि कोलार जलापूर्ति के 25 प्रतिशत नमूने भी निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। यह स्थिति बताती है कि राजधानी की जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे चल रही है और सरकार अपनी सबसे बुनियादी जिम्मेदारी निभाने में भी असफल रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार विज्ञापनों में सुशासन का दावा करती है, लेकिन वास्तविकता यह है कि प्रदेश की राजधानी के नागरिक दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। यदि समय रहते इस गंभीर लापरवाही को नहीं रोका गया तो जलजनित बीमारियों का बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, जल गुणवत्ता की निगरानी में लापरवाही बरतने वाले सभी जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल स्वच्छ पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था, स्वास्थ्य शिविर और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ ताकि किसी भी प्रकार की जनस्वास्थ्य आपदा को रोका जा सके।

–आईएएनएस

एसएनपी/पीएम