नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) नेता और कोंडली विधानसभा क्षेत्र से विधायक कुलदीप कुमार ने दिल्ली में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध और नशे के अवैध कारोबार को लेकर दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा है।
विधायक ने अपने पत्र में पुलिस कमिश्नर से विधायक प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात के लिए शीघ्र समय देने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि राजधानी में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के कारण आम लोगों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
कुलदीप कुमार ने सोशल मीडिया पर भी अपने पत्र को साझा करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी विधानसभा के साथ-साथ दिल्ली के विभिन्न इलाकों में लगातार बिगड़ रही कानून-व्यवस्था और बढ़ते अपराध को लेकर पुलिस कमिश्नर से मुलाकात का समय मांगा है।उन्होंने कहा कि सरेआम हत्या जैसी गंभीर घटनाएं चिंता का विषय हैं और इनसे आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर को लिखे पत्र में कोंडली विधायक ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में पिछले कुछ समय से कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है।
उन्होंने हाल के दिनों में एक सफाई कर्मचारी की सरेआम हत्या और उसके बाद एक अन्य युवक की हत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं ने क्षेत्रवासियों के बीच भय, असुरक्षा और चिंता का वातावरण पैदा किया है।
विधायक ने कहा कि आपराधिक घटनाओं के अलावा कोंडली विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से नशीले पदार्थों की बिक्री और नशे के अवैध कारोबार से संबंधित शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं। उनके मुताबिक, नशे के कारोबार का सबसे गंभीर असर युवाओं और उनके परिवारों पर पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों में इसको लेकर भारी आक्रोश है और लोग पुलिस प्रशासन से नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रभावी और कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
कुलदीप कुमार ने कहा कि कानून-व्यवस्था और नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी समस्या केवल कोंडली विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं है। दिल्ली के कई अन्य विधानसभा क्षेत्रों से भी अपराध और नशे के कारोबार को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आ रही हैं। ऐसे में इन मुद्दों पर पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
उन्होंने कहा कि वह अपने विधायक प्रतिनिधिमंडल के साथ पुलिस कमिश्नर से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर क्षेत्र की जमीनी स्थिति, स्थानीय नागरिकों की शिकायतों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को विस्तार से उनके सामने रखना चाहते हैं। प्रतिनिधिमंडल दिल्ली के अन्य इलाकों से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों पर भी पुलिस कमिश्नर के साथ चर्चा करना चाहता है, ताकि समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
विधायक ने स्पष्ट किया कि इस मुलाकात का उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव पैदा करना नहीं, बल्कि पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि अपराध, नशे के कारोबार और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए सभी पक्षों को मिलकर काम करना होगा।
कुलदीप कुमार ने पुलिस कमिश्नर से अनुरोध किया है कि अपनी सुविधा के अनुसार विधायक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के लिए जल्द समय उपलब्ध कराया जाए।

