Saturday, July 25, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय बिहार: आम तोड़ने के विवाद में अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या, बगीचे के...

बिहार: आम तोड़ने के विवाद में अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या, बगीचे के कुएं से मिला शव

0
14

खगड़िया, 2 जून (आईएएनएस)। बिहार के खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना प्रकाश में आई है। यहां कथित तौर पर एक बगीचे से आम तोड़ने के विवाद में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर जान ले ली गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस के मुताबिक, आम तोड़ने और चुनने के मामूली विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर शव को छिपाने की नियत से एक पुराने कुएं में फेंक दिया गया। मृतक की पहचान परबत्ता गांव निवासी अजय दास के रूप में की गई है।

बताया गया कि अजय दास सोमवार को घर से निकले थे और देर रात नहीं लौटे। इसके बाद उनके परिजनों ने तलाश शुरू की। इस बीच मंगलवार को उनका शव एक बंद पड़े कुएं में दिखाई दिया। पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, शव के शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उनकी बुरी तरह पिटाई की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया।

घटना की सूचना मिलते ही गोगरी की एसडीपीओ साक्षी कुमारी भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका दिख रही है। शरीर पर मिले चोट के निशान यह संकेत दे रहे हैं कि अधेड़ के साथ मारपीट की गई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है।

उन्होंने कहा कि अभी पुलिस मामले की जांच कर रही है, जांच के बाद ही सही तथ्यों की जानकारी सामने आएगी। गांव में इस मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी हैं।