लखनऊ, 2 जून (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसकी नीतियों से जनता त्रस्त है और महंगाई, बेरोजगारी तथा भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान, नौजवान, व्यापारी और कर्मचारी समेत समाज का हर वर्ग परेशान है, जबकि सरकार लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है।
अखिलेश यादव ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि जनता की निराशा इस स्तर तक पहुंच गई है कि पीड़ित लोग आत्मदाह जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता के अहंकार में डूबे भाजपा नेतृत्व को आम लोगों की पुकार, गुहार और पीड़ा सुनाई नहीं दे रही है।
सपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री आवास के सामने रोडवेज संविदाकर्मियों द्वारा पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किए जाने की घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह सरकार की संवेदनहीनता का परिणाम है। उन्होंने सरकार से संविदा चालकों और परिचालकों की मांगों का तत्काल संज्ञान लेने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि नौकरी और रोजगार किसी भी परिवार के लिए जीवन-मरण का प्रश्न होता है। ऐसे में अपनी आजीविका के लिए संघर्ष कर रहे कर्मचारियों की समस्याओं को नजरअंदाज करना उचित नहीं है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया और लोगों को गुमराह करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं प्रभावित हैं तथा प्रदेश की जनता सरकार की नीतियों से निराश है।
सपा प्रमुख ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की कार्यशैली को समझ चुकी है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उसके कुशासन का जवाब देगी।

