Tuesday, June 30, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध बिहार : भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई, किशनगंज में 543 ग्राम ब्राउन...

बिहार : भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई, किशनगंज में 543 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार

0
5

किशनगंज, 30 जून (आईएएनएस)। बिहार के किशनगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा पर नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त छापेमारी में 543 ग्राम ब्राउन शुगर, करीब 1.91 लाख रुपए नकद, नेपाली मुद्रा और अन्य सामान बरामद किया गया है। मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ठाकुरगंज के नेतृत्व में एसएसबी भटगांव के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान गलगलिया थाना क्षेत्र के लकड़ीडिपु निवासी मोहम्मद फारूक के घर पर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर से 543 ग्राम ब्राउन शुगर, 1 लाख 90 हजार 930 रुपए भारतीय मुद्रा, 640 रुपए नेपाली मुद्रा तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए। मौके से मो. फारूक और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद सभी सामान को जब्त कर लिया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित धाराओं के तहत एनडीपीएस अधिनियम में प्राथमिकी दर्ज की है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि यह मामला भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पूछताछ के आधार पर सप्लाई चेन और इस गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस और एसएसबी का संयुक्त अभियान लगातार चलाया जा रहा है। सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।