मुजफ्फरपुर, 10 मई (आईएएनएस)। बिहार के कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी रविवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे और बाबा गरीबनाथ धाम पहुंचकर पूजा अर्चना की तथा आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि बाबा गरीबनाथ के आशीर्वाद से ही वे बिहार सरकार में मंत्री बने हैं, ऐसे में उनका दर्शन और पूजा अर्चना करना पहला कर्तव्य है।
उन्होंने बाबा गरीबनाथ से बिहार के लोगों के लिए सुख और समृद्धि तथा प्रदेश के विकास की कामना की।
उन्होंने मीडिया से बातचीत में फूहड़ गाना बजाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे सतर्क हो जाएं, उन पर कार्रवाई तय है। राज्य सरकार के मंत्री ने अश्लील और फूहड़ गानों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया है। बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व और कला-संस्कृति मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि राज्य में फूहड़ गानों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे गानों के खिलाफ सरकार सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।
पूजा के बाद मंदिर परिसर में उन्होंने पत्रकारों से कहा कि संगीत और कला के क्षेत्र में बढ़ रही अश्लीलता पर चिंता का विषय है। बिहार अपनी समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली इतिहास के लिए जाना जाता है। लेकिन कुछ लोग फूहड़ गानों के जरिए समाज में गंदगी फैला रहे हैं। यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। अगर कहीं भी फूहड़ गाना बजता हुआ पाया गया या उसे सार्वजनिक रूप से बढ़ावा दिया गया, तो सरकार उसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने जोर देकर कहा कि कला मन को शांति देने के लिए होती है, न कि समाज में विकृति पैदा करने के लिए। उन्होंने कलाकारों और गीतकारों से भी अपील की कि वे ऐसे गीतों का निर्माण करें जो समाज को जोड़ने वाले हों और बिहार की मर्यादा को बढ़ाएं। उन्होंने ऐसे गाने लिखने वालों पर भी कार्रवाई की बात कही। उन्होंने अवैध खनन करने वालों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि वे संभल जाएं, न पैसा काम आएगा न पैरवी।

