Sunday, June 28, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय बिहार: जनरल स्टोर में लगी आग, दो बच्चों समेत तीन की जलकर...

बिहार: जनरल स्टोर में लगी आग, दो बच्चों समेत तीन की जलकर मौत

0
27

मोतिहारी, 9 मई (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के ढाका प्रखंड स्थित बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव में एक दो मंजिला होलसेल जनरल स्टोर में शुक्रवार की देर रात अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और मकान में रखे सारे सामान जलने लगे। हादसे में दो मासूम बच्चों के अलावा दुकान के एक स्टाफ सहित तीन लोगों की आग में झुलसने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान दुकानदार राजकुमार साह के पुत्र रुद्र कुमार और पुत्री सृष्टि के अलावा दुकान के स्टाफ प्रिंस कुमार के रूप में हुई है।

बताया गया कि यह घटना आधी रात के बाद की है। आग लगने से गांव में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। आग की सूचना मिलते ही गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

शनिवार सुबह आठ बजे तक फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी रही। प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जाहिर की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि दुकान में भारी मात्रा में किराना एवं अन्य सामान रखा हुआ था, जो जलकर पूरी तरह राख हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और अफरा-तफरी का माहौल है।

प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। सिकरहना डीएसपी उदयशंकर ने शनिवार को बताया कि एक दो मंजिला दुकान में आग लगी थी। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। आग लगने की घटना में दो बच्चे सहित तीन लोगों की मौत हुई है। आग में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

–आईएएनएस

एमएनपी/एएस