SGSU Advertisement
Home राजनीति बिहार के बाढ़-सुखाड़ प्रभावितों के लिए 15-15 हजार की मांग, तेजस्वी बोले-तत्काल...

बिहार के बाढ़-सुखाड़ प्रभावितों के लिए 15-15 हजार की मांग, तेजस्वी बोले-तत्काल मिले राहत

0
5

पटना, 20 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को कहा कि बिहार इस समय बाढ़ और सुखाड़ की दोहरी मार झेल रहा है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से बाढ़ तथा सूखे से प्रभावित किसानों को तत्काल 15-15 हजार रुपये की सहायता देने और बिहार की स्थिति को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की।

पटना में प्रेस वार्ता के दौरान तेजस्वी यादव ने दावा किया कि राज्य में बाढ़ से 45 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि दूसरी ओर कम बारिश के कारण कई इलाकों में सुखाड़ की स्थिति है। उपलब्ध मौसम आंकड़ों के अनुसार सितंबर के मध्य तक बिहार में सामान्य से करीब 35-36 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी। तेजस्वी ने कहा कि किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं और सरकार को बाढ़ के साथ-साथ सूखे से हुए नुकसान का भी सर्वे कराना चाहिए।

उन्होंने कहा कि दोनों तरह से प्रभावित लोगों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार पर राहत कार्यों को लेकर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक रसोई और राहत शिविरों को पर्याप्त समय तक संचालित नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि पानी निकलने के बाद भी प्रभावित परिवारों की परेशानियां समाप्त नहीं होती हैं और उन्हें भोजन, कपड़े, बर्तन तथा अन्य जरूरी सामान की जरूरत होती है।

तेजस्वी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब बिहार बाढ़ और सुखाड़ की स्थिति से गुजर रहा था, उस समय सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल इस तरह के आयोजन में किया गया। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए थी। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2015 में महागठबंधन सरकार के दौरान बजट का चार प्रतिशत हिस्सा आपदा पीड़ितों के लिए रखने का निर्णय लिया गया था। उन्होंने मौजूदा सरकार से सवाल किया कि बिहार के बजट का चार प्रतिशत हिस्सा आपदा राहत के लिए कहां और किस रूप में खर्च किया जा रहा है।

तेजस्वी ने केंद्र सरकार से बिहार के लिए राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग दोहराई। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय टीम के दौरे के बावजूद प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं का पर्याप्त समाधान नहीं हुआ। उंन्होने सवाल किया कि केंद्रीय कृषि मंत्री जब बाढ़ के प्रभावित इलाकों को देखने गए तो सूखे प्रभावित जिलों को क्यों छोड़ दिया? उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और पीएम केयर्स फंड सहित केंद्र की विभिन्न व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए बिहार को मिलने वाली सहायता पर भी सवाल उठाए।

साथ ही, उन्होंने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान से बिहार के बाढ़ एवं सूखा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कराने की मांग की। तेजस्वी ने कहा कि बिहार के प्रभावित किसानों और परिवारों का उचित सर्वे कराया जाए तथा उन्हें कम से कम 15-15 हजार रुपये की तत्काल सहायता दी जाए। उन्होंने कहा कि राहत और पुनर्वास को राजनीतिक आयोजन से ऊपर प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

–आईएएनएस

एमएनपी/पीएम