मुजफ्फरपुर, 28 जून (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र के नवादा गांव में रविवार सुबह आपसी विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई की कथित तौर पर जांता (अनाज पीसने में इस्तेमाल होने वाला भारी पत्थर) से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान नवादा गांव निवासी संतोष महतो के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संतोष महतो और उसके छोटे भाई अशोक महतो के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट की नौबत आ गई। इसी दौरान आरोपी अशोक महतो ने घर में रखा जांता उठाकर संतोष महतो के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि संतोष महतो ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया। वारदात की जानकारी मिलते ही मुशहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। इस घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी ने भी नहीं सोचा था कि मामूली घरेलू विवाद इतनी बड़ी घटना का रूप ले लेगा। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आपसी घरेलू विवाद का प्रतीत होता है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
–आईएएनएस
एमएनपी/पीएम

