SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय बिहार: नकटा दियारा को एप्रोच रोड से जोड़ने का रास्ता साफ, नितिन...

बिहार: नकटा दियारा को एप्रोच रोड से जोड़ने का रास्ता साफ, नितिन गडकरी ने पप्पू यादव को दी जानकारी

0
4

पटना, 30 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के नकटा दियारा नया टोला को पिलर संख्या-16 के पास निर्माणाधीन छह लेन पुल से जोड़ने के लिए एप्रोच रोड, रैंप निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को पत्र भेजकर इस संबंध में जानकारी दी है। इससे दियारा क्षेत्र के लोगों को मुख्य सड़क और पुल से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

केंद्रीय मंत्री की ओर सांसद को लिखे पत्र में बताया गया है कि दीघा-सोनपुर जेपी सेतु के अपस्ट्रीम में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से शेरपुर-दिघवारा (एनएच-131जी) खंड के तहत गंगा नदी पर छह लेन पुल का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना में दियारा क्षेत्र को जोड़ने के लिए स्लिप रोड का प्रावधान किया गया है। पत्र में कहा गया है कि उक्त स्लिप रोड को ग्राम नकटा दियारा से जोड़ने के लिए आवश्यक एप्रोच रोड का निर्माण बिहार सरकार की ओर से कराया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी उल्लेख किया है कि इस संबंध में 7 मई, 2025 को मंत्रालय में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया था। बैठक में बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के मंत्री भी मौजूद थे। बैठक में तय किया गया था कि निर्माणाधीन स्लिप रोड को ग्राम नकटा दियारा से जोड़ने के लिए जरूरी एप्रोच रोड का निर्माण राज्य सरकार कराएगी। दरअसल, नकटा दियारा नया टोला और आसपास के दियारा क्षेत्र के लोग लंबे समय से बेहतर संपर्क मार्ग की मांग कर रहे थे। दियारा विकास संघर्ष समिति के बैनर तले स्थानीय लोगों ने जेपी गंगा गोलंबर पथ पर एप्रोच रोड की मांग को लेकर आंदोलन और धरना भी किया था। इस आंदोलन में सांसद पप्पू यादव भी शामिल हुए थे।

इसके बाद सांसद ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर नकटा दियारा नया टोला को पिलर संख्या-16 के समीप बनने वाले पुल से जोड़ने के लिए एप्रोच रोड, रैंप निर्माण की मांग रखी थी। उन्होंने इसे दियारा क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण जनहित का मुद्दा बताते हुए कहा था कि बेहतर सड़क संपर्क का सीधा असर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, व्यापार और आपातकालीन सेवाओं पर पड़ेगा। केंद्रीय मंत्री के पत्र के बाद सांसद पप्पू यादव ने दियारा क्षेत्र के लोगों की ओर से नितिन गडकरी का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि दियारा वासियों की वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। एप्रोच रोड बनने से स्थानीय लोगों के लिए मुख्य सड़क और पुल तक पहुंच आसान होगी तथा आवागमन की समस्या कम होगी। सांसद ने उम्मीद जताई कि एप्रोच रोड के निर्माण से नकटा दियारा और आसपास के इलाकों में विकास की गतिविधियों को गति मिलेगी। इससे लोगों को बाजार, अस्पताल, शिक्षण संस्थानों और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी।

उन्होंने कहा कि दियारा क्षेत्र को मुख्य सड़क नेटवर्क से जोड़ना वहां के लोगों के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है।