SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय सपा के राज्यसभा उम्मीदवार धनराज नाथवानी के पास कितने करोड़ की संपत्ति?...

सपा के राज्यसभा उम्मीदवार धनराज नाथवानी के पास कितने करोड़ की संपत्ति? हलफनामे में सामने आई जानकारी

0
6

लखनऊ, 30 सितंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार धनराज परिमल नाथवानी ने अपने नामांकन के साथ दाखिल शपथपत्र में 105 करोड़ रुपए से अधिक की चल-अचल संपत्ति घोषित की है। शपथपत्र के मुताबिक, नाथवानी के पास करीब 77.75 करोड़ रुपए की चल और 27.67 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। इस तरह उनके नाम कुल संपत्ति करीब 105.42 करोड़ रुपए है।

दिलचस्प बात यह है कि संपत्ति के मामले में उनकी पत्नी उनसे कहीं आगे हैं। शपथपत्र के अनुसार, नाथवानी की पत्नी के नाम करीब 211.10 करोड़ रुपए की चल और 53.59 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। यानी दोनों की घोषित संपत्ति को जोड़ें तो यह राशि करीब 370 करोड़ रुपए तक पहुंचती है। धनराज नाथवानी की संपत्ति के ब्योरे में एक और खास बात सामने आती है। करोड़ों रुपए की चल-अचल संपत्ति घोषित करने के बावजूद उनके या उनकी पत्नी के नाम कोई कार दर्ज नहीं है।

नाथवानी ने अपने नाम करीब 1.62 करोड़ रुपये के आभूषण घोषित किए हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास करीब 8.54 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के आभूषण हैं। शपथपत्र में दर्ज आयकर संबंधी विवरण भी खासा उल्लेखनीय है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक धनराज नाथवानी की घोषित आय में एक साल में बड़ा इजाफा दर्ज हुआ है। जहां एक अवधि में उन्होंने करीब 7.27 करोड़ रुपए की आय घोषित की थी, वहीं बाद की अवधि में यह आंकड़ा बढ़कर करीब 19.61 करोड़ रुपए हो गया।

इसके पहले 2023-24 में उनकी घोषित आय करीब 6.60 करोड़ रुपए बताई गई थी। दूसरी ओर, उनकी पत्नी की घोषित आय में कमी दर्ज हुई है। उपलब्ध विवरण के मुताबिक उनकी पत्नी ने 2025-26 में करीब 2.37 करोड़ रुपए और अगली अवधि में करीब 1.48 करोड़ रुपए की आय घोषित की।

धनराज नाथवानी कारोबारी और कॉरपोरेट जगत के साथ खेल प्रशासन में भी सक्रिय रहे हैं। उन्हें गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष के तौर पर भी पहचान मिली है। उनके पिता परिमल नाथवानी गुजरात फुटबॉल एसोसिएशन से जुड़े हैं। धनराज नाथवानी रिलायंस समूह से भी जुड़े रहे हैं और उनकी उम्मीदवारी ने राज्यसभा चुनाव में राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ कारोबारी जगत का ध्यान भी खींचा है।

सपा के दूसरे राज्यसभा उम्मीदवार और पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो. रामगोपाल यादव ने भी अपने चुनावी शपथपत्र में संपत्ति का ब्योरा दिया है। उपलब्ध विवरण के मुताबिक उनके पास करीब 14.61 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है। इसमें 4.61 करोड़ रुपए से अधिक की चल और करीब 9.99 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति शामिल है। उन पर करीब 99.86 लाख रुपए की देनदारी भी बताई गई है।

रामगोपाल यादव के संपत्ति ब्योरे में सोने के आभूषण और हथियार भी शामिल हैं। उनके नाम करीब 610 ग्राम सोने के आभूषण दर्ज हैं। सार्वजनिक रूप से उपलब्ध उनके पुराने चुनावी हलफनामे के रिकॉर्ड में अमेरिका निर्मित .30 कार्बाइन, जर्मनी निर्मित .32 बोर आर्मिनियस रिवॉल्वर और एक .22 बोर ब्रनो राइफल का भी उल्लेख मिलता है।