Thursday, June 25, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध बिहार: सहरसा में इनामी वांछित अपराधी गिरफ्तार, कई हथियार बरामद

बिहार: सहरसा में इनामी वांछित अपराधी गिरफ्तार, कई हथियार बरामद

0
20

सहरसा, 3 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के सहरसा जिले में मंगलवार को पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने संयुक्त छापेमारी कर 25 हजार रुपए के इनामी वांछित अपराधी दीपक कुमार उर्फ दीपक यादव को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। उसके पास से पुलिस ने कई हथियार बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने मंगलवार को बताया कि होली उत्‍सव के पहले से ही वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात दीपक यादव नया बाजार के सराही टोला स्थित एक किराए के कमरे में ठहरा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने एक विशेष टीम का गठन किया और टीम तत्काल उस क्षेत्र में संबंधित इलाके की घेराबंदी कर दीपक यादव तक पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधी बलुआहा बैजनाथपट्टी का रहने वाला है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उस कमरे की तलाशी के दौरान वहां से हथियारों का जखीरा मिला। पुलिस ने मौके से दो देसी कट्टा, एक देशी पिस्टल, एक मैगजीन, आठ जिंदा गोलियां, गाड़ियों की डिक्की तोड़ने वाले दो नुकीले औजार तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए। इस संबंध में सदर थाने में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि दीपक का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सहरसा सदर, सौरबाजार, बैजनाथपुर, बिहरा और सिमरी बख्तियारपुर थानों में आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास समेत 11 संगीन मामले दर्ज हैं।

वर्तमान में वह सात गंभीर मामलों में फरार चल रहा था। सहरसा सदर थाना में इसने कई घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने संभावना व्यक्त की है कि इससे कई अन्य अपराधियों का भी पता चल सकता है।