बिहार : सीवान में राजद विधायक ओसामा शहाब के ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी

0
4

सीवान, 4 मई (आईएएनएस)। बिहार के सीवान जिले में भूमाफियाओं के खिलाफ पुलिस एक्शन में नजर आ रही है। सीवान में एक चिकित्सक दंपति के जमीन कब्जा करने के आरोप में पुलिस ने सोमवार को रघुनाथपुर विधानसभा के राजद विधायक ओसामा शहाब के ठिकानों पर छापेमारी की।

हालांकि पुलिस को विधायक ओसामा शहाब नहीं मिले। यह कार्रवाई सारण क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) नीलेश कुमार और एसपी पुरन कुमार झा के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने हुसैनगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपुर स्थित विधायक के पैतृक आवास और नगर थाना क्षेत्र के नया किला स्थित घर पर पहुंची और तलाशी ली।

छापेमारी के बाद डीआईजी नीलेश कुमार ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए भूमाफियाओं को साफ चेतावनी देते हुए कहा, “वैसे सभी लोगों को हम चेतावनी देते हैं कि किसी भी गरीब या किसी की जमीन कब्जा करने की कोशिश न करें। अन्यथा सीवान पुलिस हर तरीके से तैयार है। सीवान पुलिस कड़ी कार्रवाई करने को तैयार है। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।”

उन्होंने बताया कि महादेवा थाना क्षेत्र में एक डॉक्टर दम्पति की जमीन रंगदारी के बल पर कब्जा करने का मामला सामने आया था। उसी मामले में प्राथमिकी दर्ज हुई है। पुलिस ने अच्छे से अनुसंधान किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस को इस केस में पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं, जिसके आधार पर न्यायालय से छापेमारी वारंट प्राप्त कर कार्रवाई की गई। उन्होने कहा कि फिलहाल आरोपी नहीं मिले हैं। आगे की कार्रवाई जल्द की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कोई भी गलत काम नाम करें, रंगदारी छोड़ दें , अन्यथा बड़ी कार्रवाई के साथ पुलिस उनसे निपटेगी। पुलिस की इस चेतावनी के बाद भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है। इस मामले में पुलिस जांच के दौरान विधायक ओसामा शहाब समेत कई लोगों के नाम उजागर हुए हैं।

–आईएएनएस

एमएनपी/एएस