लखनऊ, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की कैबिनेट बैठक में जेवर एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। मंत्रियों ने इसे प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ते हुए महत्वपूर्ण कदम बताया। बैठक में प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि यह कदम आने वाली पीढ़ियों को प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प की याद दिलाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का भी जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने देश के विकास के लिए सराहनीय कार्य किया।
उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और राम मंदिर में दर्शन नहीं करने पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव का राम मंदिर और सनातन संस्कृति से कोई संबंध नहीं है। समाजवादी पार्टी की राजनीति मुस्लिम तुष्टीकरण पर आधारित रही है और वह मुसलमानों को वोट बैंक के रूप में देखती है।
कैबिनेट बैठक के संबंध में ब्रजेश पाठक ने कहा कि कैबिनेट बैठक में 39 से अधिक प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। प्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास और उसे विकसित राज्य बनाने के लिए काम कर रही है।
जंतर-मंतर पर विपक्षी नेताओं के प्रदर्शन को लेकर उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष सत्ता की लालसा में प्रदर्शन कर रहा है। चुनाव हारने पर विपक्ष निर्वाचन आयोग के खिलाफ धरना देता है, जबकि जीतने पर उसकी तारीफ करता है। यह दोहरी भाषा जनता को पसंद नहीं है।
मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि वर्ष 2017 से योगी सरकार प्रदेश की सेवा के लिए लगातार काम कर रही है। कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर जेवर एयरपोर्ट का नाम रखा गया है। मैं अपनी ओर से प्रदेशवासियों को ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि हम हमारे लिए गौरव की बात है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जेवर एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखे जाने की घोषणा की। मंत्री दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को मंत्रिपरिषद ने मंजूरी दी है।
मंत्री सोमेंद्र तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होना खुशी की बात है। जेवर एयरपोर्ट पीएम मोदी के नाम से जाना जाएगा।
मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि यह खुशी की बात है कि जेवर एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखा गया है। मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी के नाम पर जेवर एयरपोर्ट का नाम रखने का प्रस्ताव पारित किया, जिसे मंत्री परिषद की ओर से स्वीकार किया गया।
उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह हताश हो गए हैं। चुनाव के समय विपक्ष को जनता के बीच जाना चाहिए, जबकि एनडीए की सरकार अपने काम के आधार पर जनता के बीच जा रही है। मंत्री रजनी तिवारी ने जेवर एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने के प्रस्ताव का जिक्र करते हुए कहा कि यह खुशी का पल है।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देते हुए कहा कि मंत्रिपरिषद ने जेवर एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को सहमति दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं और इस मौके पर कैबिनेट की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया है।
दूसरी ओर मंत्री दयाशंकर सिंह ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे के दौरान राम मंदिर में दर्शन नहीं करने पर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव सनातन संस्कृति का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में राम भक्तों पर गोली चलाए का जिक्र किया।
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का मंदिरों से कोई जुड़ाव नहीं है और वे राम तथा कृष्ण के प्रति आस्था के बजाय वोट की राजनीति करते हैं।
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद जनता की आवाज उठाने और उसकी सेवा करने के लिए है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जनता के मुद्दे उठाने के बजाय सस्ती लोकप्रियता हासिल करने और चर्चा में बने रहने के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) का नाम ले रहे हैं।
मंत्री आशीष पटेल ने अखिलेश यादव के आरोपों पर कहा कि आरोप लगाना विपक्ष का काम है और उनका जवाब देना सरकार का। उन्होंने कहा कि सरकार जमीनी स्तर पर प्रदेश की जनता की सेवा कर रही है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव हताशा और निराशा के कारण बौखलाए हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को जनता का समर्थन मिलेगा। कैबिनेट बैठक के बारे में उन्होंने कहा कि इसमें लोकहित, जनहित और प्रदेश के हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार किया जा रहा है।
