बिजनौर के ‘विशाल’ को कश्मीर में ‘हमजा’ बनाया, जबरन धर्म परिवर्तन से सदमे में परिवार, जांच जारी

0
1

बिजनौर, 19 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के थाना शहर कोतवाली क्षेत्र के बाखरपुर गढ़ी गांव में एक नाबालिग युवक के कथित जबरन धर्म परिवर्तन का मामला सामने आने के बाद तनाव का माहौल है। परिवार ने आरोप लगाया है कि गांव के ही एक मुस्लिम युवक ने नौकरी का लालच देकर नाबालिग को कश्मीर ले जाकर जबरन इस्लाम धर्म स्वीकार कराया।

परिवार के अनुसार, बाखरपुर गढ़ी निवासी नाबालिग विशाल को बेहतर नौकरी का झांसा देकर कश्मीर ले जाया गया। वहां उसे डरा-धमकाकर इस्लाम कबूल करने के लिए मजबूर किया गया। कुछ दिन बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें युवक को इस्लाम स्वीकार करते हुए दिखाया गया। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे परिवार में हड़कंप मच गया।

नाबालिग के माता-पिता और परिजन मामले की शिकायत लेकर बिजनौर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। पीड़ित पिता कृष्ण कुमार ने बताया, “मेरा बेटा नाबालिग है। उसे बहला-फुसलाकर घर से दूर ले जाया गया और वहां मानसिक दबाव डालकर धर्म परिवर्तन कराया गया। हम अपने बेटे को सकुशल वापस चाहते हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं।”

भाजपा नेता मौसम चौधरी ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा, “बिजनौर का नाबालिग विशाल कश्मीर के कुपवाड़ा में बिलाल नाम के व्यक्ति की सुपुर्दगी में है। उसका नाम बदलकर हमजा कर दिया गया है। मंगलवार दोपहर तक विशाल बिजनौर पहुंच सकता है। उसके आने के बाद ही पूरा सच सामने आएगा।”

मौसम चौधरी ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नाबालिग के साथ जबरन धर्म परिवर्तन बेहद गंभीर मामला है और कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी प्रशासन की है।

पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर संज्ञान लिया है। अधिकारियों ने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और परिजनों के आरोपों की सत्यता की जांच की जाएगी। यदि युवक नाबालिग साबित होता है और जबरन धर्म परिवर्तन की बात सही पाई जाती है तो संबंधित धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।