Sunday, June 21, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध बाइक से घर आ रहे भाई-बहन को रोककर की गई मारपीट, तीन...

बाइक से घर आ रहे भाई-बहन को रोककर की गई मारपीट, तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

0
23

नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। सरिता विहार थाना क्षेत्र के आली विहार में एक युवती और उसके भाई के साथ मारपीट, गाली-गलौज करने और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि 19 अप्रैल को शाम करीब 7.30 बजे फोन पर सूचना मिली की कि ए-18, गली नंबर 3, आली विहार के पास मारपीट, गलत तरीके से रोकने और आपराधिक धमकी दी गई है। शिकायतकर्ता 18 साल की एक लड़की अपने भाई के साथ बाइक पर घर लौट रही थी, तभी आरोपियों ने उन्हें रोक लिया, गालियां देते हुए और गलत तरीके से आगे बढ़ने से रोक दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने अपनी मोटरसाइकिलों से उन्हें घेर लिया और भाई के साथ मुक्कों और लातों से मारपीट की। इस हाथापाई में शिकायतकर्ता को भी चोटें आईं। दोनों किसी तरह वहां से बच निकले और घर पहुंच गए। इसके बाद आरोपी उनके घर के पास वापस आए और लड़की और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

इंस्पेक्टर सरिता विहार के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि शिकायतकर्ता पक्ष इलाज के लिए अस्पताल गया हुआ है। पीड़ित पक्ष ने बताया कि वे परिवार में आपस में चर्चा करने के बाद अपनी शिकायत दर्ज करवाएंगे। इसके बाद 21 अप्रैल की देर शाम पीड़ित ने शिकायत दर्ज करवाई है। आरोपियों की पहचान नकुल, जीतू (बाउंसर) और अनिल मुंचा के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें पकड़ने का प्रयास जारी है।

इसके पहले दिल्ली के प्रीत विहार में पार्किंग विवाद के बाद एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को जानकारी दी।

पार्किंग को लेकर पीड़ित पंकज नैयर, उनके भाई पारस और गौरव शर्मा के बीच तीखी बहस हुई। अधिकारियों ने बताया कि बहस के दौरान गौरव शर्मा ने गोली चला दी और पंकज नैयर की छाती में गोली मार दी। यह झड़प सोमवार तड़के करीब 2.20 बजे हुई। गोलीबारी के बाद नैयर को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें ‘मृत घोषित’ कर दिया था। पुलिस ने कहा कि प्रीत विहार निवासी आरोपी गौरव शर्मा (42) को गिरफ्तार कर लिया गया है।