नई दिल्ली, 13 जून (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए बायोटेक्नोलॉजी इंडस्ट्री रिसर्च असिस्टेंस काउंसिल (बीआईआरएसी) ने मैनेजर सहित विभिन्न 15 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है। यह नियुक्ति शुरू में एक वर्ष की अवधि के लिए अनुबंध के आधार पर है, जिसे परफॉर्मेंस और विभाग की जरूरत के हिसाब से बढ़ाया जा सकता है।
बीआईआरएसी की ओर से जारी 15 रिक्तियों में मैनेजर (रेगुलेटरी अफेयर्स) के 1, मैनेजर (रिसर्च एनालिसिस) के 1, सीनियर प्रोग्राम ऑफिसर के 2, प्रोग्राम ऑफिसर के 3, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट एनालिस्ट के 1, फाइनेंस ऑफिसर के 2, एडमिनिस्ट्रेटिव असिस्टेंट के 1, ऑफिसर (लीगल) के 1, यंग प्रोफेशनल के 2 और एसोसिएट कंसल्टेंट – क्लीन एनर्जी के 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे बीआईआरएसी के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार लाइफ साइंसेज/बायोटेक्नोलॉजी/फार्मा/मैनेजमेंट/हेल्थ इनोवेशन/पब्लिक पॉलिसी में मास्टर्स; लाइफ साइंसेज या संबंधित क्षेत्रों में पीएचडी; संबंधित क्षेत्रों में बीटेक/एमएससीपोस्ट ग्रेजुएशन होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में तय वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पोस्ट के अनुसार 26 से 45 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू या डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 30,000 से 2,70,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

