मुंबई, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की गई है। हालांकि, अभिनेता टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटनास्थल पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने घटना को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना पर सलमा शेख नाम की एक प्रत्यक्षदर्शी ने आईएएनएस को बताया कि हम अपने व्लॉग बना रहे थे। हजारों व्लॉगर वहां व्लॉग बना रहे थे। एक पार्टी चल रही थी, जिसमें काफी शोर था क्योंकि वे जन्मदिन मना रहे थे। उनके सभी साथी जन्मदिन मनाने के लिए अंदर चले गए, खाना-पीना कर रहे थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद, वे कार लेकर सड़क पर चल पड़े। मैं उस लड़के का वर्णन भी नहीं कर सकती, मच्छर की तरह दुबला-पतला, गरीब सा दिखने वाला, जैसे कोई फुटपाथ पर रहता हो। वह आया और फायरिंग शुरू कर दी, और सभी को लगा कि कोई दीपावली के पटाखे फोड़ रहा है। लेकिन, जब टाइगर की कार रुकी, और वह दर्द से कराहते हुए बाहर आए, तो खून का एक बड़ा धब्बा वहीं पड़ा रहा।”
दूसरी ओर, महाराष्ट्र मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त को फोन करके अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने पुलिस आयुक्त को तत्काल जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ को फोन किया और उनसे बात की।
सीएम ने कहा कि हम सब उनके साथ हैं। हम आरोपियों को जल्द ही पकड़ लेंगे, और हमने उन्हें आश्वस्त किया कि वे चिंता न करें।
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना के बाद, घटनास्थल पर मौजूद लोगों को पंचनामा और जांच प्रक्रिया के लिए जुहू पुलिस स्टेशन लाया जा रहा है। एक महिला को भी पंचनामा के लिए लाया गया है। हालांकि, उसकी पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
घटना पर डीसीपी मोहित गर्ग ने बताया, “टाइगर श्रॉफ एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वे वहां से निकल रहे थे, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर गोली चला दी। टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस घटना में दो अन्य लोग घायल हुए हैं। इनमें से एक उनका ड्राइवर है, जिसके हाथ में चोट आई है और उसका इलाज चल रहा है।”
