Monday, July 6, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन का विपक्ष पर तीखा हमला, ‘कारसेवकों पर गोली...

भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन का विपक्ष पर तीखा हमला, ‘कारसेवकों पर गोली चलाने वालों को हिंदुत्व पर बोलने का हक नहीं’

0
3

लखनऊ, 5 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अयोध्या में राम मंदिर, हिंदुत्व और हिंदू आस्था को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए, रामसेतु को काल्पनिक बताया और कारसेवकों पर गोलियां चलवाईं, वे आज राम मंदिर और हिंदू आस्था की बात कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी कीमत पर राम मंदिर की आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी। जरूरत पड़ी तो कार्रवाई भी होगी और व्यवस्था में सुधार भी सुनिश्चित किया जाएगा। लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी को निशाने पर लेते हुए कहा कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल यह भ्रम न पालें कि हिंदू समाज उनके बहकावे में आने वाला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब-जब हिंदू देवी-देवताओं का अपमान हुआ, तब विपक्षी दल मौन रहे। तमिलनाडु में हिंदू आस्था पर सवाल उठे, बिहार में रामचरितमानस का अपमान हुआ, लेकिन इन दलों ने कभी विरोध नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने पांच सौ वर्षों के संघर्ष और बलिदान के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया है। उन्होंने अपने परिवार का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके पिता कारसेवक के रूप में अयोध्या गए थे और दो महीने तक जेल में रहे।

उन्होंने कहा, “विपक्ष की विरासत हिंदुओं पर गोलियां चलाने की रही है, जबकि भाजपा की विरासत अपनी आस्था और देवी-देवताओं के लिए संघर्ष और बलिदान देने की रही है।” भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती भगवान श्रीराम, ऋषियों और संतों की तपोभूमि है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम के पुनर्विकास और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बताया। नितिन नबीन ने 2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद करते हुए कार्यकर्ताओं से हर बूथ पर कमल खिलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की ऊर्जा बता रही है कि भाजपा लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में गुंडाराज, माफियाराज, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति हावी थी, लेकिन भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था स्थापित कर उत्तर प्रदेश की नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने विकास, बुनियादी ढांचे, महिला सुरक्षा और गरीब कल्याण की योजनाओं के जरिए प्रदेश की तस्वीर बदल दी है।

विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी आज भी समाज को जाति और तुष्टिकरण के आधार पर बांटने की राजनीति कर रही हैं, जबकि भाजपा ‘नेशन फर्स्ट, पार्टी नेक्स्ट और सेल्फ लास्ट’ के सिद्धांत पर काम करती है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश का सपना तभी पूरा होगा, जब 2027 में भाजपा को फिर से प्रचंड जनादेश मिलेगा।

कार्यक्रम से पहले नितिन नबीन ने गोमतीनगर स्थित होटल ताज में एनडीए सहयोगी दलों के नेताओं के साथ बैठक की और बाद में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का भी भ्रमण किया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।