SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय बिहार दौरे पर, छठ घाटों का...

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय बिहार दौरे पर, छठ घाटों का करेंगे निरीक्षण

0
1

नई दिल्‍ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 10 से 12 नवंबर तक बिहार की राजधानी पटना के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान वह छठ महापर्व से जुड़े कार्यक्रमों के साथ-साथ पूर्व निर्धारित संगठनात्मक गतिविधियों में भी हिस्सा लेंगे।

दौरे के पहले दिन नितिन नवीन 10 नवंबर को छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, वह दोपहर 3 बजे दीघा के नसरीगंज घाट से गाय घाट तक पटना के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वह श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

इसके बाद शाम 5:30 बजे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व राज्यसभा सांसद स्वर्गीय आरके सिन्हा के पटना स्थित आवास पहुंचेंगे। वहां वह दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करेंगे।

11 और 12 नवंबर को नितिन नवीन पार्टी के पूर्व निर्धारित संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इस दौरान वह पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न बैठकों में शामिल होकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा छठ महापर्व के दौरान पार्टी की सक्रिय भागीदारी और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसी बीच, बिहार में महापर्व छठ की तैयारियां तेज हो गई हैं। सूर्योपासना के इस चार दिवसीय महापर्व को लेकर जिला प्रशासन घाटों की साफ-सफाई, मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गया है। पटना से लेकर गयाजी तक प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

पटना में जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गंगा घाटों पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने और पानी के अंदर भी निर्धारित गहराई तक पर्याप्त मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने को कहा है।