SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय जम्‍मू-कश्‍मीर: सरकारी योजनाओं से बदली गौहर की जिंदगी, मशरूम की खेती से...

जम्‍मू-कश्‍मीर: सरकारी योजनाओं से बदली गौहर की जिंदगी, मशरूम की खेती से बने रोजगार देने वाले किसान

0
1

गुलमर्ग, 9 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार किसानों को आत्‍मनिर्भर और सशक्‍त बनाने के लिए कई तरह की योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं का फायदा अन्‍नदाताओं को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के टंगमर्ग इलाके के खोंचीपोरा के किसान गौहर अली लोन मशरूम की खेती और इंटीग्रेटेड फार्मिंग के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं।

घाटी में गौहर अली लोन ‘मशरूम मैन’ और ‘मशरूम किंग’ के नाम से जाना जाता है। कभी एक छोटे से कमरे में 70 ट्रे से मशरूम की खेती शुरू करने वाले गौहर आज 500 से अधिक ट्रे में उत्पादन कर रहे हैं। उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं ने उनके कारोबार को आगे बढ़ाने और दूसरों को रोजगार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

गौहर अली लोन ने साल 2007 में अपने घर के एक छोटे से 20×40 फीट के कमरे से मशरूम की खेती शुरू की थी। धीरे-धीरे उन्होंने उपलब्ध जगह का बेहतर इस्तेमाल करते हुए उत्पादन बढ़ाया। आज वह साल में दो बार मशरूम की खेती कर करीब छह लाख रुपए की आमदनी करते हैं। उनका दावा है कि यह कमाई 10 कनाल के सेब के बाग से होने वाले मुनाफे से भी अधिक है।

गौहर ने मशरूम की खेती तक ही खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि इंटीग्रेटेड फार्मिंग मॉडल अपनाया। इसके तहत वह डेयरी, भेड़ पालन, पोल्ट्री और वर्टिकल फार्मिंग भी कर रहे हैं। घर के आंगन और छत पर सब्जियों तथा फलदार पौधों की खेती करते हैं। मशरूम की खेती के बाद बचने वाली खाद को बेचकर भी अतिरिक्त आमदनी करते हैं।

गौहर अली लोन को अब तक चार राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार मिल चुके हैं। उन्हें भारत के टॉप-40 युवा कृषि विशेषज्ञों में भी शामिल किया गया है। आईसीएआर-डायरेक्टरेट ऑफ मशरूम रिसर्च, सोलन की ओर से उन्हें प्रोग्रेसिव मशरूम अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी अपने रेडियो कार्यक्रम ‘आवामी आवाज’ में उनके प्रयासों और इंटीग्रेटेड फार्मिंग मॉडल की सराहना कर चुके हैं। आज गौहर खुद किसानों और बेरोजगार युवाओं को आधुनिक खेती का प्रशिक्षण दे रहे हैं और करीब 10 लोगों को रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं।

गौहर अली लोन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान बताया कि मुझे बहुत सी सरकारी स्कीमों से फायदा मिला है, मैं इसलिए इतना आगे बढ़ा हूं। मैंने साल 2007 में इंटीग्रेटेड फार्मिंग सिस्टम अपने ही घर में स्टार्ट किया। जो भी यहां पर सेंट्रल स्कीम आए थे, उनका फायदा उठाते हुए काफी आगे बढ़ गया हूं। मैं अब दूसरे लोगों को भी रोजगार दे रहा हूं।

गौहर ने बताया कि आवामी आवाज प्रोग्राम में भी एलजी मनोज सिन्हा साहब ने भी मेरी तारीफ की।