Monday, June 15, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति भाजपा के मुख्यमंत्रियों ने कहा, पीएम मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों...

भाजपा के मुख्यमंत्रियों ने कहा, पीएम मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों में मध्यम वर्ग के सपनों को मिली नई उड़ान

0
5

नई दिल्ली, 15 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और भाजपा नेताओं ने खुशी जताई है। मुख्यमंत्रियों ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के मध्यम वर्ग के सपनों और आकांक्षाओं को नई उड़ान मिली है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में विगत 12 वर्षों में भारत के मध्यम वर्ग के सपनों और आकांक्षाओं को नई उड़ान मिली है। आयकर राहत से लेकर आयुष्मान भारत की स्वास्थ्य सुरक्षा, प्रधानमंत्री आवास योजना से अपने घर का विश्वास, उज्ज्वला, हर घर जल, स्वच्छ भारत और डिजिटल इंडिया जैसी पहलों ने मध्यम वर्ग के जीवन को अधिक सरल, सुरक्षित और सम्मानपूर्ण बनाया है। आज सशक्त मध्यम वर्ग ‘विकसित भारत’ की विकास यात्रा का प्रेरक बल और आत्मनिर्भर भारत का मजबूत आधार बन चुका है।”

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में मध्यम वर्ग के जीवन को अधिक सरल, सुरक्षित और समृद्ध बनाने की दिशा में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। कर राहत, बेहतर आवास, आधुनिक अवसंरचना, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और डिजिटल सुविधाओं ने मध्यम वर्ग को नई शक्ति और नए अवसर प्रदान किए हैं। इन 12 वर्षों में जनकल्याणकारी नीतियों ने मध्यम वर्ग के सपनों को नई उड़ान दी है और उनके जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार किया है। सशक्त और आत्मनिर्भर मध्यम वर्ग आज विकसित भारत के संकल्प का मजबूत आधार बनकर उभरा है। सेवा, सुशासन और जनविश्वास की यह परिवर्तनकारी यात्रा विकसित भारत के निर्माण को निरंतर नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।”

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने एक्स पर लिखा, “बीते 12 वर्षों में भारत के मध्यम वर्ग को आर्थिक सुरक्षा, बेहतर सुविधाओं और नए अवसरों से सशक्त करने की दिशा में व्यापक परिवर्तन किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयकर में राहत, जीएसटी के माध्यम से कर व्यवस्था में पारदर्शिता, प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए घर का सपना साकार करने का अवसर, आयुष्मान भारत से स्वास्थ्य सुरक्षा, उज्ज्वला योजना, हर घर जल और स्वच्छ भारत जैसे प्रयासों से जीवन की मूलभूत सुविधाओं को सुलभ बनाया गया है। डिजिटल इंडिया और यूपीआई क्रांति ने लेनदेन को सरल, तेज और पारदर्शी बनाया है। आज सशक्त मध्यम वर्ग केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था की प्रमुख शक्ति बन चुका है तथा आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।”

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट किया, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत का मध्यम वर्ग अभूतपूर्व रूप से सशक्त, समृद्ध और आत्मविश्वासी बना है। ईज ऑफ लिविंग और क्वालिटी ऑफ लाइफ को केंद्र में रखकर की गई नीतिगत पहल से लेकर डिजिटल क्रांति तक, प्रत्येक कदम मध्यम वर्ग के जीवन को सरल और सशक्त बनाने में निर्णायक सिद्ध हुआ है। आज भारत का मिडिल क्लास सिर्फ उपभोक्ता नहीं, बल्कि राष्ट्र के विकास का प्रमुख भागीदार है।”

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा, “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के। सशक्त मध्यम वर्ग, मजबूत भारत और हर परिवार के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प के साथ नरेंद्र मोदी ने निरंतर जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। देशवासियों के विश्वास और जनभागीदारी से विकास की यह यात्रा निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रही है।”

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने एक्स पर लिखा, पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों ने देश के मध्यम वर्ग को अभूतपूर्व गरिमा और आर्थिक मजबूती दी है। टैक्स में बड़ी राहत, डिजिटल गवर्नेंस और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस ने जहाँ जीवन को आसान बनाया है; वहीं वंदे भारत, नमो भारत और मेट्रो नेटवर्क ने मध्यम वर्ग के सफर को आधुनिक और विश्वस्तरीय बना दिया है। आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता यह मध्यम वर्ग ही आज नए भारत की विकास गाथा लिख रहा है।”

भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद रवि शंकर प्रसाद ने एक्स पर लिखा, “भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में ‘विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 स्वर्णिम वर्ष’ पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज संसदीय क्षेत्र के दीघा विधानसभा अंतर्गत राजवंशी नगर स्थित सुप्रसिद्ध हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस पावन अवसर पर बजरंगबली के चरणों में शीश नवाकर देश के सर्वाधिक लोकप्रिय प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ यशस्वी जीवन एवं ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प की सिद्धि तथा राष्ट्र की निरंतर समृद्धि एवं प्रगति हेतु प्रार्थना की।”