Saturday, June 6, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय कैंसर को खत्म करने के लिए नशा मुक्ति अभियान को जन आंदोलन...

कैंसर को खत्म करने के लिए नशा मुक्ति अभियान को जन आंदोलन बनाया जाए: शिवराज चौहान

0
6

विदिशा, 6 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कैंसर की रोकथाम के लिए नशा मुक्ति अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में स्थित मेडिकल कॉलेज में दो दिवसीय निशुल्क कैंसर जांच शिविर की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि कैंसर का इलाज जरूरी है, लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी उन कारणों को खत्म करना है, जिनसे यह बीमारी जन्म लेती है।

उन्होंने कहा कि गुटखा, तंबाकू, बीड़ी और शराब जैसी नशे की आदतें कैंसर और कई गंभीर बीमारियों की बड़ी वजह हैं। समाज को मिलकर इनके खिलाफ जागरूकता अभियान चलाना चाहिए, ताकि लोग बीमारी का शिकार होने से पहले ही बच सकें।

नशा केवल व्यक्ति का ही नहीं, पूरे परिवार का जीवन तबाह कर देता है। ऐसे में माता-पिता, समाज और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रयास करें। केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने नशा मुक्ति अभियान चलाने और अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की बात कही।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गांव-गांव में लोगों को इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। महिलाओं की भागीदारी इस अभियान को और मजबूत बना सकती है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज नई तरह के नशे और मादक पदार्थ भी युवाओं तक पहुंच रहे हैं। इन्हें रोकने की जिम्मेदारी केवल पुलिस और प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। यदि समाज जागरूक होकर नशे के खिलाफ खड़ा होगा तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकेगा।

केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने कहा कि, आज कैंसर का नाम सुनते ही लोग डर जाते हैं, लेकिन अब घबराने की जरूरत नहीं है। शुरुआत में इस शिविर का फोकस विदिशा, रायसेन, सीहोर और खातेगांव क्षेत्र के लोगों पर था, लेकिन इंसानियत की कोई सीमा नहीं होती। यही कारण है कि प्रदेश के कई जिलों से भी मरीज यहां जांच कराने पहुंचे हैं। उनके इलाज के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। हम केवल जांच शिविर लगाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं करेंगे। जांच के बाद हर मरीज के लिए अलग से इलाज की पूरी योजना बनाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि, स्क्रीनिंग के बाद डॉक्टर तय करेंगे कि किस मरीज का इलाज दवाइयों, कीमोथेरेपी या रेडियोथेरेपी से होगा और किसे सर्जरी की जरूरत पड़ेगी।

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि, आने वाले समय में देश के सबसे प्रतिष्ठित कैंसर संस्थान टाटा मेमोरियल अस्पताल की एक इकाई विदिशा में स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। यह परियोजना चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ेगी और डे-केयर सुविधा का संचालन 15 अगस्त के बाद शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि कैंसर मरीजों को इलाज के लिए मुंबई या दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े। बाहर इलाज कराने में किराया, रहने और अन्य खर्चों के कारण परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि बेहतर सुविधाएं यहीं उपलब्ध होंगी तो मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री चौहान ने लोगों से गुटका, तंबाकू और शराब जैसी नशे की आदतों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि देश में सबसे अधिक मुंह का कैंसर इन्हीं कारणों से होता है। गुटका और तंबाकू धीरे-धीरे इंसान की जान के दुश्मन बन जाते हैं और कई गंभीर बीमारियों को जन्म देते हैं। इस मौके पर राज्य के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला भी मौजूद रहे।

–आईएएनएस

एसएनपी/वीसी